कोबरा कुंडी पर कुंडली मार बैठा रहा पूरी रात, सुबह उठते ही घरवालों को बनाया बंधक!
सागर में सोते हुए लोगों को घर के अंदर कोबरा ने बनाया बंधक! दरवाजे की कुंडी पर डाला था डेरा, स्नैक कैचर ने किया रेस्क्यू.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 12:18 PM IST
सागर: कोई सुबह-सुबह सोकर उठे और रोजाना के कामकाज निपटाने की जल्दबाजी हो, लेकिन दरवाजे पर अगर कोबरा जैसा खतरनाक सांप कब्जा कर ले, तो समझ सकते हैं कि कमरे में कैद लोगों का क्या हाल हुआ होगा. सागर के पथरिया जाट गांव के लोधीपुरा में एक ऐसा ही मामला सामने आया है. जहां घर के लोग सोकर उठे, तो उनके कमरे की कुंडी पर कोबरा ने कब्जा जमाया हुआ था.
इन हालातों में घर के लोग कमरे के अंदर बंधक बनकर रह गए और पल-पल दहशत में बीता. आखिरकार कुछ समय बाद अपने आप कोबरा दरवाजे की कुंडी को छोड़कर एक टेबिल के नीचे घुस गया. तब जाकर घर के लोग बाहर आए और फिर स्नैक कैचर को बुलाकर कोबरा को पकड़वाया.
पथरिया जाट के लोधीपुरा गांव का मामला
शहर से लगे पथरिया जाट गांव के लोधीपुरा इलाके में कोबरा ने एक परिवार को घंटों बंधक बनाए रखा. परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे और दरवाजा भी अंदर से ही बंद था. घर के लोग जब सोकर उठे और दरवाजा खोलना चाहा, तो उनके होश उड़ गए. दरवाजे पर करीब 4-5 फुट लंबा कोबरा सांप लिपटा हुआ था.
ऐसे में परिवार के सभी लोग अंदर ही कमरे में घंटों बंधक बने रहे. कई घंटों तक कुंडी पर लिपटे रहने के बाद कोबरा खुद से नीचे उतरकर एक टेबिल के नीचे घुस गया. तब जाकर परिवार के लोग दरवाजा खोलकर घर के बाहर निकले और स्नैक कैचर अकील बाबा को फोन किया.

गनीमत रही किसी को निशाना नहीं बनाया
स्नैक कैचर अकील बाबा ने बताया कि "मुझे पथरिया जाट के लोधीपुरा से फोन आया था कि उनके घर के अंदर एक सांप डेरा जमाए हुए हैं. जब मैंने यहां पहुंचकर देखा, तो कोबरा प्रजाति का सांप टेबिल के नीचे छिपा बैठा था. जिसके बाद करीब 5 मिनट में कोबरा को आसानी से काबू में कर लिया. इस कोबरा को मैं अब जंगल में छोड़ूंगा."
- उज्जैन में मिला दुनिया का सबसे जहरीला सांप, काटने के बाद नहीं करता घंटो असर अचानक होती है मौत
- मानसून में रहें सावधान!, स्कूल में खेल रहे बच्चे को सांप ने काटा, विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती
उन्होंने जनता से अपील कि है कि, ''बरसात में बिलों में पानी भरने के कारण सांप वगैरह सुरक्षित जगह की तलाश में घरों में घुसते हैं. अगर कोई जहरीला सांप किसी को काटता है, तो झाड़फूंक में वक्त न गवाएं, तुरंत पास के बड़े अस्पताल लेकर जाए."

