ETV Bharat / state

रियल नहीं बन पाया रील्स वाला प्यार, ब्रेकअप हुआ तो आशिक बना बेवफा चायवाला

सागर के एक युवा का ब्रेकअप हुआ तो वे टूट गए और फिर एक साधारण चायवाले से बन गए बेवफा चायवाले. पढ़िए पूरी कहानी.

SAGAR BEWAFA CHAIWALA
ब्रेकअप हुआ तो आशिक बना बेवफा चायवाला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 9:39 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

सागर: 'तेरे कहने पर छोड़ा है तुझे, दुनिया से ना कहना बेवफा हूं मैं'. ये इस आशिक के लिए कुछ शब्द नहीं बल्कि जिंदगी भर की पीड़ा है. उसने अपनी मेहबूबा के कहने पर ब्रेकअप तो जरूर कर लिया लेकिन वह उसे आज तक नहीं भूल पाया है. प्यार में ऐसा दर्द मिला कि पढ़ाई छूटी तो फिर घरवालों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए चाय की दुकान खोल ली. दिल टूटा तो चाय की दुकान का नाम रख लिया बेवफा चायवाला. सिलसिला यहीं नहीं थमा यदि कोई प्रेमी जोड़ा आता है तो उसे सलाह देते हैं कि यदि प्यार कर रहे हो तो उसे निभाना. एक दूसरे को छोड़ना नहीं और दिलजलों के लिए चाय में देते हैं स्पेशल डिस्काउंट.

पहले प्यार फिर कुछ दिन बाद ब्रेकअप

सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो देखकर एक लड़की और एक लड़के के बीच प्यार तो हुआ लेकिन ये रील्स रियल वाले प्यार में नहीं बदल पाई. कुछ दिनों तक चले प्रेम प्रसंग का अंत ब्रेकअप के तौर पर हुआ. इस घटना ने आशिक को अंदर से झकझोर दिया. उसे अपनी प्रेमिका से ऐसी नफरत हुई कि उसने अपने गांव के पास नेशनल हाईवे पर बेवफा चाय वाला नाम से दुकान खोल ली. प्यार में धोखा खाने वालों को 20 रुपए वाली स्पेशल चाय महज 5 रुपए में पिलाते हैं. वहीं प्रेमी जोड़ों को 15 रुपए में चाय मिलती है. सागर के चितौरा टोल टैक्स पर दुकान पर लगे बोर्ड को देखकर लोग चौंक जाते हैं.

रियल नहीं बन पाया रील्स वाला प्यार (ETV Bharat)

रील्स वाली छोटी सी लव स्टोरी

सागर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 44 की बात करें, तो यहां पड़ने वाले चितौरा टोल टैक्स से जो भी गुजरता है, तो यहां पर खुली बेवफा चाय वाला दुकान पर सबकी नजर जाती है. लोग रुककर चाय वाले से जरूर पूछते हैं कि बेवफा चाय वाले की कहानी क्या है.

YOUTH OPEN TEA STALL
धोखा खाने वालों को 5 रुपए में स्पेशल चाय (ETV Bharat)

चितौरा के रहने वाले 22 साल के अभिनय साहू 2 पहले इंस्टाग्राम पर एक लड़की की रील देखकर उसे दिल दे बैठे. रील्स को लाइक कमेंट करते-करते दोनों ने एक दूसरे के मोबाइल नंबर एक्सचेंज किए और बातचीत शुरू हो गई, यह कुछ दिनों में प्यार में बदली और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया. लेकिन इस लव स्टोरी का अंजाम भी कुछ वैसा ही हुआ, जो ज्यादातर स्टोरी का होता है. लड़की के घर वालों को पता चल गया, तो परिवार के दबाव में आकर लड़की ने अभिनय का दिल तोड़ दिया और अब हमारे तुम्हारे बीच में कोई रिश्ता नहीं कहकर ब्रेकअप कर लिया.

दिल टूटा तो चाय की दुकान का नाम बदला

अभिनय साहू बताते हैं कि "पहले उनकी चाय की दुकान का नाम बेवफा चाय वाला नहीं था. उन्होंने चाय की दुकान परिवार के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए खोली थी क्योकिं उसके पिता आटो चलाकर परिवार का पालन पोषण करते थे. वैसे परिवार में 4 एकड़ जमीन है, लेकिन सिंचाई का साधन ना होने के कारण मुनाफा नहीं होता. इसलिए दसवीं क्लास तक पढ़ाई करने के बाद उन्होंने परिवार को मदद करने और खुद का खर्चा निकालने के लिए चाय की दुकान शुरू की थी.

YOUTH OPEN TEA STALL
दिल टूटा तो चाय की दुकान का नाम बदला (ETV Bharat)

हाईवे के टोल टैक्स पर खुली दुकान धीरे-धीरे चल पड़ी और अच्छी आमदनी होने लगी. आमदनी अच्छी हुई, तो मदद के लिए एक लड़का रख लिया और पिता और भाई भी हाथ बटाने लगे. प्यार में धोखा खाने के बाद दुकान का नाम बेवफा चाय वाला रख दिया."

धोखा खाने वालों को 5 रुपए में स्पेशल चाय

प्यार में धोखा खा चुके अभिनय को उन युवाओं से काफी हमदर्दी है, जो प्यार में धोखा खाए हुए हैं. जब भी कोई उनकी दुकान पर आता है और दुकान के नाम को लेकर सवाल करता है, तो वो अपनी कहानी सुनाते हैं और कोई अपने जैसा प्यार में धोखा खाने वाला मिल जाता है, तो उसे 20 रुपए की स्पेशल चाय महज 5 रुपए में पिलाते हैं. वहीं प्रेमी जोड़ों के लिए 15 रुपए में चाय पिलाते हैं और उन्हें जिंदगी भर एक दूसरे का साथ निभाने की सलाह भी देते हैं.