सरिस्का में सफारी बंद, फिर भी हुआ टाइगर का दीदार, रोड के बीच चहलकदमी करता दिखा बाघ
सरिस्का टाइगर रिजर्व 1 जुलाई से 30 सितंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहता है.

Published : September 2, 2026 at 1:48 PM IST
अलवर: मानसून सीजन की शुरुआत के साथ ही सरिस्का टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के लिए सफारी के आनंद पर भी कुछ समय के लिए ब्रेक लग जाता है. जिसके चलते पर्यटक जंगल में टाइगर का दीदार नहीं कर पाते, बावजूद इसके मंगलवार देर रात को सरिस्का टाइगर रिजर्व के बीच रोड पर बस में सफर करने वाले यात्रियों को टाइगर का दीदार हुआ. टाइगर के दीदार से सभी यात्री रोमांचित हो उठे. इस दौरान सड़क पर टाइगर बस के आगे चहलकदमी करता नजर आया.
बीच रोड दिखा टाइगर: सरिस्का टाइगर रिजर्व के अंदर बने सड़क मार्ग पर अलवर-जयपुर जाने वाली बसों का आवागमन रहता है. इसी दौरान मंगलवार को एक बस देर रात जयपुर से अलवर की ओर आ रही थी. इसी दौरान बीच रोड पर सरिस्का का एक टाइगर दिखाई दिया. टाइगर को देखते ही बस ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिए, जिससे बस में बैठे यात्रियों ने टाइगर का दीदार किया. इस दौरान बस में बैठे यात्री टाइगर को देख रोमांचित हो उठे ओर वीडियो बनाने लगे. सड़क पर टाइगर की चहलकदमी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया.
पढ़ें: सरिस्का टाइगर रिजर्व में बढ़ रहे बाघ, वनकर्मी बढ़ाना जरूरी, लेकिन 31 पद चल रहे खाली
2 मिनट तक सड़क पर दिखा टाइगर: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में टाइगर सड़क पर करीब 2 मिनट तक चहलकदमी करता हुआ दिखाई दे रहा है. इस दौरान दोनों तरफ से आने वाले ट्रैफिक भी रुक गए. वहीं टाइगर के दीदार के साथ ही बस में बैठे यात्री वीडियो भी बनाने लगे. वहीं वीडियो में एतिहात के तौर पर ड्राइवर यात्रियों से दरवाजे से दूर रहने की हिदायत देता हुआ भी सुनाई दे रहा है. कुछ देर बाद टाइगर सड़क के दूसरी तरफ जाकर जंगल की ओर चला गया.
पढ़ें: रणथंभौर में गूंजी किलकारी, बाघिन T-127 दो शावकों के साथ आई नजर
तीन माह रहता है सरिस्का बंद: मानसून सीजन के दौरान सरिस्का टाइगर रिजर्व 1 जुलाई से 30 सितंबर तक पर्यटकों की आवाजाही के लिए बंद रहता है. इस दौरान सरिस्का प्रशासन की ओर से मानसून सीजन में बारिश के दौरान खराब हुए सफारी ट्रैक की मरम्मत का कार्य करवाया जाता है. साथ ही यह समय टाइगर के प्रजनन के लिए भी माना जाता है. इसी के चलते यहां सफारी प्रतिबंधित रहती है.

