ETV Bharat / state

रामगढ़ सदर अस्पताल में एसी ब्लास्ट, मरीजों का सुरक्षित रेस्क्यू

रामगढ़ सदर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में लगा एसी ब्लास्ट हो गया. जिससे पूरे वार्ड में धुंआ भर गया.

AC BLAST IN SADAR HOSPITAL
सदर अस्पताल में एसी ब्लास्ट (ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : June 26, 2026 at 1:21 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रामगढ़: सदर अस्पताल के मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में गुरुवार देर रात को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. ओटी के बाहर लगे एयर कंडीशनर में हुए ब्लास्ट के बाद पूरा मॉड्यूलर ओटी धुएं से भर गया. जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया. हालांकि अस्पताल कर्मियों, स्थानीय युवकों और चिकित्सकों की तत्परता और साहसिक प्रयासों से एक बड़ा हादसा टल गया. इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई

जानकारी के अनुसार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के बाहर गैलरी में लगे तीन एयर कंडीशनरों में से एक एसी अचानक तेज धमाके के साथ फट गया. ब्लास्ट के बाद आग लग गई और देखते ही देखते पूरा ओटी धुएं से भर गया. स्थिति ऐसी हुई कि कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया. घटना के बाद कर्मियों ने सबसे पहले बिजली आपूर्ति को बंद किया और फिर धुएं से भरे ओटी और वार्ड से मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

घटना को लेकर उपाधीक्षक ने दी जानकारी (ईटीवी भारत)

नवजात समेत लगभग 12 मरीज थे मौजूद

घटना के समय ऊपरी तल पर करीब 10 से 12 मरीज भर्ती थे जिसमें तीन से चार नवजात शिशु भी शामिल थे. सभी को सुरक्षित तरीके से नीचे के तल पर शिफ्ट कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस, अस्पताल प्रबंधन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन घटना के काफी देर बाद तक मॉड्यूलर ओटी धुएं से भरा रहा.

AC Blast in sadar hospital
धुएं से भरा मॉड्यूल ऑपरेशन थिएटर (ईटीवी भारत)

घटना को लेकर उपाधीक्षक ने दी जानकारी

घटना को लेकर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ हरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मॉड्यूलर ओटी के बाहर लगे एसी में ब्लास्ट होने के कारण यह घटना हुई. उन्होंने कहा कि सभी मरीज सुरक्षित हैं और उन्हें दूसरे वार्डों में शिफ्ट कर दिया गया है, ताकि इलाज प्रभावित न हो.

AC Blast in sadar hospital
घटना के बाद खाली कराया गया वार्ड (ईटीवी भारत)

इस दौरान अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ हरेंद्र कुमार महतो, कर्मी विक्की, ओम प्रकाश शर्मा, मिथुन कुमार कुशवाहा और स्थानीय युवक रवि और गौतम ने आग बुझाने और मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फिलहाल अस्पताल प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटी है और मॉड्यूलर ओटी में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, 8 लोगों की मौत

देवघर में श्रावणी मेले से पहले स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सदर अस्पताल का जांच लैब अब तीन पालियों में होगा संचालित

लोहरदगा सदर अस्पताल में सारी सुविधाएं, फिर भी मरीज का नहीं हो पाता इलाज, जानिए क्यों