ETV Bharat / state

साच पास घूमने का बना रहे हैं प्लान? पहले पढ़ लें प्रशासन की ये जरूरी चेतावनी!

साच पास के कई हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क नहीं रहता. ऐसे में खराब मौसम के दौरान संपर्क पूरी तरह टूट सकता है.

SACH PASS TRAVEL ADVISORY
साच पास (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : July 3, 2026 at 9:10 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच पास इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है. समुद्र तल से करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह दर्रा अपनी बर्फीली चोटियों और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. हालांकि, मानसून की शुरुआत के साथ यहां मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. इसे देखते हुए चुराह प्रशासन ने पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए समय पर यात्रा पूरी करने और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है.

मानसून में कभी भी बदल सकता है मौसम

प्रशासन का कहना है कि मानसून के दौरान साच पास में मौसम अचानक खराब हो सकता है. कई बार कुछ ही मिनटों में तेज बारिश, घना कोहरा या बर्फबारी शुरू हो जाती है, जिससे आवाजाही प्रभावित हो सकती है. ऐसे में पर्यटकों से अपील की गई है कि वे सुबह जल्दी साच पास पहुंचें और मौसम बिगड़ने से पहले सुरक्षित लौट आएं. देर शाम तक रुकना जोखिम भरा साबित हो सकता है.

नेटवर्क नहीं होने से बढ़ जाती है परेशानी

साच पास के कई हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं रहता. खराब मौसम के दौरान संपर्क पूरी तरह टूट सकता है, जिससे आपात स्थिति में मदद मिलने में भी परेशानी हो सकती है. इसके अलावा यह मार्ग कई स्थानों पर संकरा है और बारिश या बर्फबारी के दौरान फिसलन बढ़ जाती है. ऐसे में वाहन चालकों और पर्यटकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

हर साल हजारों पर्यटक पहुंचते हैं साच पास

साच पास चंबा जिले के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है. गर्मियों के मौसम में मैदानी इलाकों की गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. यहां की बर्फ से ढकी चोटियां, ठंडी हवाएं और मनमोहक घाटियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं. यही वजह है कि मानसून के दौरान भी लोगों की आवाजाही बनी रहती है. प्रशासन चाहता है कि पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लें, लेकिन सुरक्षा के नियमों की अनदेखी न करें.

प्रशासन ने पर्यटकों से की यह अपील

चुराह के एसडीएम राजेश कुमार जरियाल ने कहा कि मानसून शुरू होने के कारण साच पास जाने वाले सभी पर्यटक अपनी यात्रा की सही योजना बनाएं. उन्होंने कहा कि पर्यटक घूमने का पूरा आनंद लें, लेकिन मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और समय रहते वापस लौट आएं. उन्होंने कहा कि खराब मौसम की स्थिति में अनावश्यक जोखिम लेने से बचें और प्रशासन की ओर से जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और यादगार बन सके.

ये भी पढ़ें: धीमी दस्तक, फीकी बरसात, इस बार हिमाचल में मानसून के कदम सुस्त, बारिश की कमी बढ़ाएगी चिंता

ये भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा के लिए करवाना होगा पंजीकरण, बिना गाइड के आगे जाने की नहीं मिलेगी अनुमति, जानें क्या है नया नियम