रुद्रपुर के स्कूलों में औचक निरीक्षण, मिली कई अनियमितताएं, तीन शिक्षक निलंबित
अनियमितता मिलने पर दो प्रधानाध्यापकों और एक शिक्षिका को निलंबित किया गया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 19, 2026 at 3:03 PM IST
रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर जिले में शिक्षा विभाग की सख्ती देखने को मिली है. जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में तीन विद्यालयों में गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताएं सामने आईं. संतोषजनक जवाब न मिलने पर दो प्रधानाध्यापकों और एक शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है.
ऊधम सिंह नगर रुद्रपुर जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जिले के तीन प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान वित्तीय अनियमितताओं, अभिलेखों में गड़बड़ी और प्रशासनिक लापरवाही के कई मामले उजागर हुए. मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए दो प्रधानाध्यापकों और एक शिक्षिका को निलंबित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी को राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेतखेड़ी बाजपुर में निरीक्षण के दौरान दो अलग-अलग आगमन पंजिकाएं पाई गईं. अभिलेखों में अंतर और उपस्थिति रजिस्टर में गड़बड़ी को गंभीर त्रुटि माना गया. इसके अलावा विद्यालय के वित्तीय अभिलेखों में भी विसंगतियां सामने आईं. इस संबंध में सहायक अध्यापक मोहम्मद यूसुफ सहित अन्य शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया. 8 सितंबर 2025 को विकासखंड बाजपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय मड़ैयाहाट के निरीक्षण में पाया गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक अंगन लाल बिना विधिवत प्रभार हस्तांतरण किए अवकाश पर चले गए थे.
पूर्व में जारी नोटिस का जवाब संतोषजनक न पाए जाने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई.वहीं, खटीमा के इस्लामनगर स्थित विद्यालय में उपशिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापिका कीर्ति राणा की नियुक्ति संदिग्ध पाई गई. आरोप है कि उन्होंने कूटरचित प्रमाणपत्र के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की. विभाग द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने पर जवाब संतोषजनक न मिलने के कारण उन्हें भी निलंबित कर उपशिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है.
जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे. शिक्षा की गुणवत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विभाग सख्त कदम उठाने को प्रतिबद्ध है.
पढ़ें- उत्तराखंड में प्राइमरी स्कूलों में हो रही इंटर कॉलेज की पढ़ाई, जानिए पूरा मामला
पढ़ें- रुद्रपुर: बिना मान्यता संचालित ब्लू डायमंड एकेडमी पर सख्ती, शिक्षा विभाग ने बंद करने का आदेश दिया

