ETV Bharat / state

हंगामेदार रही रुद्रपुर जिला पंचायत बोर्ड बैठक, अधिकारियों की घेराबंदी, अनुपस्थित अफसरों को नोटिस

बैठक में बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की ज्वलंत समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया.

RUDRAPUR DISTRICT PANCHAYAT MEETING
हंगामेदार रही रुद्रपुर जिला पंचायत बोर्ड बैठक (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 28, 2026 at 6:30 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जनप्रतिनिधियों का गुस्सा खुलकर सामने आया. स्कूलों की जर्जर हालत, बिजली कनेक्शन, पेयजल और भूकटाव जैसी गंभीर समस्याओं को लेकर सदस्यों ने अधिकारियों को जमकर घेरा. बैठक में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी कड़ी नाराजगी जताई. जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा. अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी होगा.

रुद्रपुर जिला पंचायत सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक अपने निर्धारित समय सुबह 11 बजे प्रारंभ हुई. बैठक की शुरुआत अपर मुख्य अधिकारी गणेश कुमार भट्ट द्वारा एजेंडा प्रस्तुत करने के साथ हुई. जिसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने बैठक संचालित करने के निर्देश दि. बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की ज्वलंत समस्याओं को जोरदार ढंग से उठाया. संबंधित विभागों के अधिकारियों के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की.

जिला पंचायत सदस्यों ने क्षेत्र में स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति, बिजली कनेक्शन न मिलने की समस्या, पेयजल लाइनों की खराब हालत तथा भूकटाव जैसी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्याओं के समाधान में रुचि नहीं ले रहे हैं. कुछ सदस्यों ने कहा कि उनके क्षेत्रों में आज भी अनेक परिवारों को बिजली कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है. जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बैठक में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की अनुपस्थिति पर भी सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई. इसके अलावा कई अन्य विभागों के अधिकारियों के बैठक में उपस्थित न होने पर भी नाराजगी व्यक्त की. अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस भेजने की मांग की गई. इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सके. उन्होंने आश्वस्त किया कि अगली बैठक में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे.

जसपुर से जिला पंचायत सदस्य चरणजीत सिंह ने यूपीसीएल (उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड) के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि विभाग आम जनता को प्रताड़ित कर रहा है. बिना स्वामित्व प्रमाण पत्र के बिजली कनेक्शन देने से इंकार किया जा रहा है, जबकि जिनके यहां पहले से कनेक्शन लगे हैं. विजिलेंस टीम छापेमारी कर कनेक्शन काट रही है.

जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने सदस्यों को आश्वस्त किया कि बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा. उन्होंने अपर मुख्य अधिकारी को निर्देश दिए कि बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए.

पढे़ं- बदरीनाथ–केदारनाथ समेत अन्य मंदिरों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर लगेगा बैन, बीकेटीसी का बड़ा फैसला