बेरोजगार युवाओं के लिए अवसरों का साल होगा 2026, वन टाइम रजिस्ट्रेशन सिस्टम में किया गया बड़ा नवाचार
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने ईटीवी भारत से खास बातचीत की. दी ये बड़ी जानकारी...

Published : January 5, 2026 at 1:02 PM IST
जयपुर : राजस्थान के बेरोजगार युवाओं के लिए वर्ष 2026 बड़े अवसरों का साल साबित होने वाला है. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएसबी) के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने ईटीवी भारत से खास बातचीत में बताया कि 2024-25 में बोर्ड ने रिकॉर्ड संख्या में भर्ती परीक्षाएं आयोजित की और अब 2026 में भी भर्ती परीक्षाओं का सिलसिला पूरे साल जारी रहेगा. फर्जी दस्तावेजों पर नकल कसने के लिए अब वन टाइम रजिस्ट्रेशन के दौरान ही अभ्यर्थियों को अपने सभी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे, जिनसे छेड़छाड़ नहीं की जा सकेगी.
अध्यापक भर्ती परीक्षा के साथ साल की शुरुआत : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड साल की शुरुआत अध्यापक भर्ती लेवल-1 और लेवल-2 (REET मुख्य परीक्षा) से करने जा रहा है. ये परीक्षाएं 17 से 20 जनवरी 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी. इसमें करीब 9 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. ये बोर्ड की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक है, जिसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं. ये भर्ती 7759 पदों पर हो रही है.
पढे़ं. डिप्टी कमांडेंट परीक्षा 2025 : प्रवेश पत्र 8 जनवरी को किए जाएंगे अपलोड
पेपर लीक और डमी कैंडिडेट पर पूरी तरह अंकुश : अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए उच्च गुणवत्ता के प्रश्न पत्र तैयार किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि बीते करीब दो साल में बोर्ड ने 120 से ज्यादा परीक्षाएं आयोजित की हैं. बोर्ड टीम के प्रयासों और नवाचारों के चलते पेपर लीक, डमी कैंडिडेट या नकल जैसी घटनाएं नहीं हुईं. आगे भी नकल माफिया के हाथ खाली रहेंगे. जो मेहनती बच्चा होगा, वही चयनित होगा.
14 जिलों में बनाए गए सुरक्षित परीक्षा केंद्र : बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि अध्यापक भर्ती जैसी बड़ी परीक्षाओं को सभी जिलों में कराने की बजाय 14 जिलों में रणनीतिक रूप से परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, ताकि पूरे प्रदेश को कवर किया जा सके. बांसवाड़ा और सहरिया क्षेत्र जैसे इलाकों में रहने वाले अभ्यर्थियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए केंद्रों की संख्या 7 से बढ़ाकर 14 जिलों तक की गई है. यहां परीक्षा केंद्र चयन में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाता है कि वहां पहले कोई अवांछित गतिविधि न हुई हो. पर्याप्त जांच और निगरानी व्यवस्था हो, ताकि किसी भी तरह के फर्जीवाड़े की गुंजाइश न रहे.

पढे़ं. शिक्षक भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी, 17 से 20 जनवरी में 7 शिफ्ट में होंगी परीक्षाएं
स्कूल परीक्षाओं को देखते हुए दिया गया गैप : मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि फरवरी-मार्च में स्कूलों की वार्षिक परीक्षाएं होने के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में सोच-समझकर गैप दिया गया है. अध्यापक भर्ती के सीधे बाद 10 अप्रैल 2026 से दोबारा भर्ती परीक्षाओं का दौर शुरू होगा, जो जुलाई 2026 तक चलेगा. तमाम भर्तियों के नोटिफिकेशन जल्द जारी कर दिए जाएंगे.
वन टाइम डॉक्यूमेंट अपलोड : मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन सिस्टम में बड़ा नवाचार किया जा रहा है. अब अभ्यर्थियों को फॉर्म भरते समय ही अपने प्रमाणित दस्तावेज एक बार अपलोड करने होंगे, जिन्हें बाद में बदला नहीं जा सकेगा. उन्होंने बताया कि फायरमैन और पीटीआई भर्ती में फर्जी दस्तावेजों के मामले सामने आए थे, जिन्हें बाद में पकड़ा गया. इसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए ये व्यवस्था लागू की जा रही है. जो डॉक्यूमेंट एक बार अपलोड होंगे, वही आगे स्क्रूटनी में मान्य होंगे. फर्जी दस्तावेज अपलोड करने वाले के सिर पर हमेशा तलवार लटकी रहेगी.
पढ़ें. वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा: डमी अभ्यर्थी चढ़ा पुलिस के हत्थे, 18 माह से था फरार
अभ्यर्थियों के लिए संदेश : आरएसएसबी अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे बिना किसी चिंता के शांतिपूर्वक तैयारी करें. अपने दस्तावेज पूरी सावधानी से अपलोड करें और मेहनत से परीक्षा दें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बोर्ड, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और 2026 में होने वाली भर्तियां पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाएंगी.

