राम मंदिर दान विवाद पर SIT को काम करने दें, जांच से पहले राजनीति करे बंद- इंद्रेश कुमार
राम मंदिर दान विवाद पर RSS ने बयान दिया है. इंद्रेश कुमार ने कहा है कि SIT को काम करने दें

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 28, 2026 at 7:23 PM IST
रायपुर: राम मंदिर दान में कथित हेराफेरी के आरोपों पर सियासत तेज है, लेकिन अब इस पूरे विवाद पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप बंद होने चाहिए, SIT को पूरी स्वतंत्रता दी गई है और सच्चाई सामने आने तक धैर्य रखना ही देशहित में है.
SIT को मिली पूरी आजादी, निष्पक्ष जांच होगी
छत्तीसगढ़ प्रवास पर रायपुर पहुंचे RSS के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि राम मंदिर दान मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है. जांच एजेंसी को पूरी स्वतंत्रता दी गई है. उन्होंने कहा कि सरकार, मंदिर ट्रस्ट और विश्व हिंदू परिषद आवश्यक अंतरिम कदम उठा रहे हैं तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी.
जांच पूरी होने से पहले राजनीति ठीक नहीं- इंद्रेश कुमार
इंद्रेश कुमार ने कहा कि बिना जांच पूरी हुए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि जो लोग इस मामले को समय से पहले राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए. उनके मुताबिक, जल्दबाजी में आरोप लगाना न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने जैसा है.
भारत की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा होना चाहिए. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली या करीबी व्यक्ति क्यों न हो. देश का न्यायिक इतिहास इसकी मिसाल देता है- इंद्रेश कुमार, वरिष्ठ प्रचारक, आरएसएस
माहौल बिगाड़ने वालों को दी चेतावनी
इंद्रेश कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस मुद्दे के जरिए माहौल खराब करने और अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे लोगों को जांच एजेंसियों को अपना काम करने देना चाहिए और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखना चाहिए.
RSS के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार का यह बयान साफ संकेत देता है कि संघ फिलहाल जांच प्रक्रिया को प्राथमिकता दे रहा है. संघ सियासी बयानबाजी से बचने की रणनीति पर काम कर रहा है. अब सबकी निगाहें SIT की जांच और उसकी अंतिम रिपोर्ट पर टिकी है.

