वृंदावन में RSS की बैठक, रविवार को पहुंचेंगे संघ प्रमुख मोहन भागवत, 2027 विधानसभा चुनाव की बनेगी रणनीति!
संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू होगी. देशभर से आएंगे पदाधिकारी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 10:37 PM IST
मथुरा : वृंदावन स्थित केशव धाम में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू होगी. बैठक की अध्यक्षता संघ प्रमुख और सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे. सरसंघचालक रविवार सुबह वृंदावन पहुंचेंगे. केशव धाम में संगठन के प्रचार मंत्रियों के साथ बड़ी बैठक होगी. बैठक को लेकर प्रशासन पूरी तरह से तैयार है. सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद की गई है. सुरक्षा एजेंसियों ने डेरा डाल दिया है.
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत रविवार सुबह करीब 6 बजे वृंदावन पहुंचेंगे. केशव धाम में संगठन की बड़ी बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी की गई है. सोमवार से संगठन की बैठक सुबह 11:00 बजे शुरू होगी, जिसमें संगठन के प्रचारक और मंत्री शामिल होंगे. शनिवार को सुरक्षा एजेंसियां केशव धाम पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
केशवधाम के व्यवस्थापक प्रमुख ललित कुमार ने बताया, अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक से लेकर संघ प्रमुख और देशभर से आने वाले केंद्रीय व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के ठहरने और उनके नगर भ्रमण की तैयारी की जा रही है. केशवधाम के केंद्रीय कक्ष को संघ प्रमुख के लिए तैयार किया जा रहा है. सुबह पांच बजे शाखा के लिए पार्क में व्यवस्था है. पार्क में विभिन्न देशी और विदेशी प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं.
चर्चा यह भी है कि बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन द्वारा रणनीति तैयार की जाएगी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश के गृह मंत्री अमित शाह भी मोहन भागवत से मुलाकात करने के लिए पहुंच सकते हैं. सात जनवरी को एक प्रेस वार्ता भी रखी गई है, जिसमें संगठन के एजेंडा के बारे में जानकारी दी जाएगी.
यह भी पढ़ें : टेंपो चलाकर खड़ी कर दी यूपी की पहली एयरलाइन, शंख एयरवेज के मालिक बोले- हौसले से ही मिलती है सफलता

