राष्ट्र निर्माण में कैसे दें योगदान?, भोपाल में आरएसएस सरसंघचालक युवाओं को देंगे सीख
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत नए साल की शुरुआत में मध्य प्रदेश के दौरे पर. दो और तीन जनवरी को भोपाल में करेंगे युवाओं और मातृशक्ति के साथ संवाद.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 1, 2026 at 3:31 PM IST
|Updated : January 1, 2026 at 3:51 PM IST
भोपाल: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्ष पूरे हो चुके हैं. संघ के शताब्दी वर्ष पर आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत पूरे देश के दौरे पर हैं. इस कड़ी में दो और तीन जनवरी को वे मध्य प्रदेश में रहेंगे. 2 जनवरी से शुरू हो रहे इस दौरे में भागवत युवाओं के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे प्रमुख लोगों से संवाद करेंगे.
इस दौरे में सद्भाव बैठक भी रखी गई है, जिसमें हर समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे. राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ क्या है, कैसे काम करता है, राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका क्या है? संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ होने वाले इन तमाम सत्रों में इन तमाम सवालों के जवाब मिलेंगे.

2, 3 जनवरी को भागवत का मध्य प्रदेश दौरा किसलिए खास
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत नए साल की शुरुआत में मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं. दो और तीन जनवरी को वे भोपाल में रहेंगे. दो दिन के इस कार्यक्रम में संघ के ऐसे चार कार्यक्रम हैं जिनमें वे शामिल होंगे. ये कार्यक्रम संघ के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे हैं. इन दो दिनों में दो जनवरी को मोहन भागवत युवाओं से संवाद करेंगे.
दो जनवरी को प्रांत स्तर के युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे सरसंघचालक
विभाग संघ चालक सोमकांत उमालकर ने बताया "संघ प्रमुख डॉ. मोहन यादव का देश भर में प्रवास हो रहा है. ये आयोजन भी उसी का हिस्सा है." उन्होंने बताया कि दो जनवरी को सरसंघचालक प्रांत स्तर के युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. ये कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में सुबह साढ़े नौ बजे से आयोजित किया जाएगा. इस युवा संवाद में जो नौजवान शामिल होंगे, उन्हें प्रदेश के 16 जिलों से चुना गया है.
- 'संतो के प्रवचन चलते रहें और हम डंडा लेकर पहरा देते रहें', मोहन भागवत ने RSS को दिया नया रोल
- जबलपुर में RSS तय कर रही देश के लिए आगे की रणनीति, मोहन भागवत देंगे नई दिशा
ये प्रदेश के वे युवा हैं जिन्होने अलग-अलग क्षेत्रों में कोई उल्लेखनीय कार्य किया है. दो जनवरी को शाम साढ़े पांच बजे से रविन्द्र भवन के हंस ध्वनि सभागार में प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया है. इस गोष्ठी में भोपाल विभाग के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है. इन गोष्ठियों में संघ प्रमुख वर्तमान परिस्थितियों के साथ संघ की सौ वर्ष की यात्रा पर बातचीत करेंगे.
संघ प्रमुख करेंगे सद्भाव पर संवाद
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग संघ चालक सोमकांत उमालकर ने बताया "संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत के प्रवास के दूसरे दिन 3 जनवरी को सुबह साढ़े नौ बजे से कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में 'सामाजिक सद्भाव बैठक' आयोजित की गई है. इसमें विभिन्न समाज के प्रमुख लोग शामिल होंगे. बैठक में शामिल होने के लिए प्रान्त के सभी जिलों से लोग भोपाल पहुँच रहे हैं. इसी दिन शाम पांच बजे से भोपाल की प्रमुख मातृशक्ति के साथ 'शक्ति संवाद' कार्यक्रम आयोजित है."
प्रतिभागियों का पूरे प्रदेश से हुआ है सिलेक्शन
इन सभी सत्रों में जो लोग हिस्सा लेंगे, उनमें जो आमंत्रित हैं उनका पहले से चयन किया गया है. शताब्दी वर्ष में इस तरह के आयोजन का एक उद्देस्य ये भी है कि लोग संघ के बारे में जो जानना चाहते हैं, वह जानकारी उन्हें मिल सके. इस दौरे में संघ प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विषय में तथ्यात्मक और वास्तविक जानकारी नौजवानों को देंगे.
विभाग प्रमुख सोमकांत ने बताया कि इनमें जो लोग संघ से जुड़ना चाहेंगे वे समाज और राष्ट्र के निर्माण में किस तरह से अपना योगदान दे सकते हैं. इसको लेकर संघ प्रमुख का मार्गदर्शन भी मिलेगा.

