ETV Bharat / state

HPTDC ने लॉन्च किए नये कार्ड, पर्यटकों को मिलेगा डिस्कांउट, अब घर बैठे मिलेगी पर्यटन निगम के होटलों की जानकारी

एचपीटीडीसी अध्यक्ष आरएस बाली ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम की नई वेबसाइट लॉन्च किया.

एचपीटीडीसी अध्यक्ष आरएस बाली
एचपीटीडीसी अध्यक्ष आरएस बाली (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 20, 2026 at 9:48 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने एचपीटीडीसी की नई सदस्यता योजना के अंतर्गत प्लैटिनम, गोल्डन एवं सिल्वर कार्ड और हिमाचल टूरिज्म विकास निगम की नई वेबसाइट का शुभारंभ किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना, पर्यटकों को विशेष सुविधाएं उपलब्ध करवाना और हिमाचल को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में और अधिक सशक्त बनाना है.

एचपीटीडीसी अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा, "प्लैटिनम, गोल्डन एवं सिल्वर कार्ड कार्डों के माध्यम से पर्यटकों को एचपीटीडीसी के होटलों, रेस्तरां और अन्य पर्यटन सेवाओं में विभिन्न प्रकार की रियायतें और विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएंगी. यह योजना नियमित पर्यटकों, परिवारों, कॉर्पोरेट संस्थानों और पर्यटन प्रेमियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी".

एचपीटीडीसी कार्डों के शुल्क

आरएस बाली ने बताया कि प्लैटिनम कार्ड के लिए 99 हजार, गोल्डन कार्ड के लिए 75 हजार रूपये और सिल्वर कार्ड के लिए 50 हजार रूपये का शुल्क अदा करना होगा. उन्होंने बताया कि प्लैटिनम कार्ड तीन साल के लिए, गोल्डन कार्ड दो साल के लिए तथा सिल्वर कार्ड एक साल के लिए वैध होगा. कार्ड धारकों को हिमाचल टूरिज्म के होटलों व रेस्तरां में 50 प्रतिशत कमरे के किराये, 20 प्रतिशत भोजन सामग्री और 10 प्रतिशत हार्ड व सोफ्ट ड्रिक में छूट दी जाएगी. कोई भी कार्ड धारक एक समय में दो कमरे बुक करवा सकेगा.

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पर्यटन क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. पर्यटन क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है. नई योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है. राज्य सरकार द्वारा हिमाचल टूरिज्म के संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जा रहा है.

एचपीटीडीसी अध्यक्ष ने कहा कि प्लैटिनम, गोल्डन एवं सिल्वर कार्ड धारकों को निर्धारित शर्तों के अनुसार आवास, खान-पान एवं अन्य सेवाओं में आकर्षक छूट उपलब्ध होगी. इससे न केवल पर्यटकों को लाभ मिलेगा, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी. उन्होंने प्रदेश और देशभर के पर्यटकों से इस योजना का लाभ उठाने का आग्रह करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम भविष्य में भी पर्यटकों की सुविधा एवं संतुष्टि के लिए नवाचारपूर्ण पहल करता रहेगा.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में रिवर राफ्टिंग रोमांच के बीच गर्मी से राहत, सैलानियों की पसंद बनी ये जगहें