ETV Bharat / state

50 लाख के फिरौती कांड में आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार, ट्रिपल मर्डर का फरार आरोपी निकला मास्टरमाइंड

फिरौती मामले का मुख्य आरोपी महकदीप सिंह है. वह साल 2023 में पंजाब में हुए ट्रिपल मर्डर केस में फरार चल रहा था.

Accused in police custody
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (ETV Bharat Sriganganagar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 24, 2026 at 8:03 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

श्रीगंगानगर: अनूपगढ़ शहर के एक कपड़ा व्यापारी से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अब तक आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले का मास्टरमाइंड पंजाब के ट्रिपल मर्डर केस में फरार चल रहा आरोपी निकला. पूर्व में गिरफ्तार किए गए 4 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया. कोर्ट ने चारों आरोपियों को अनूपगढ़ उप कारागृह भेज दिया.

थाना अधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि गत 12 फरवरी को व्यापारी को व्हाट्सएप कॉल के जरिए कुख्यात नाम कार्तिक जाखड़ के नाम से धमकी दी गई और 50 लाख रुपए की मांग की गई. 17 फरवरी को व्यापारी की रिपोर्ट पर थाना अनूपगढ़ में मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने तीन दिन के भीतर महकदीप सिंह, अमरीक सिंह और जगदीप सिंह उर्फ प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी महकदीप सिंह वर्ष 2023 में पंजाब के तरनतारन जिले के हरिके थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर केस में ढाई साल से फरार चल रहा था. उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, फायरिंग और फिरौती के कई मामले दर्ज हैं.

फिरौती मामले में पुलिस को मिली कामयाबी (ETV Bharat Sriganganagar)

पढ़ें: 50 लाख की फिरौती का मास्टरमाइंड निकला ट्रिपल मर्डर का फरार आरोपी, 3 दिन की पुलिस रिमांड पर

पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए पंजाब के कपूरथला निवासी विशाल को भी गिरफ्तार किया, जिसने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप आईडी तैयार कर धमकी दिलवाई थी. उसे न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है. जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब परिवादी की दुकान में 10 हजार रुपए मासिक वेतन पर काम करने वाले पवन और उसके दोस्त रवि सिंह की भूमिका सामने आई. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस का मानना है कि अंदरूनी जानकारी के आधार पर पूरी साजिश रची गई.