एक तरफ बेटे की हत्या का गम, दूसरी तरफ घर में 30 लाख की चोरी का सदमा
पूर्णिया में बेटे की मौत का गम खत्म नहीं हुआ और चोरों ने 30 लाख की चोरी कर परिवार को सदमे में डाल दिया.

Published : March 1, 2026 at 5:28 PM IST
पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में चोरी की घटना हुई है. जिले के के. हाट थाना क्षेत्र के आकाशवाणी रोड में बंद मकान में चोरों ने घुसकर लगभग 30 लाख रुपये लूट लिए. चोरों ने इस वारदात को उस वक्त अंजाम दिया, जब परिवार बेटे के शव को लेकर अपने पैतृक गांव गया हुआ था.
रखवाली के लिए दो लोगों को दी थी जिम्मेदारी: दरअसल, घर के मालिक मोहन खेतान के बेटे शादी में शामिल होने बीकानेर गए थे, जहां उनकी हत्या कर दी गई. शव को बंगाल के बागडोगरा से लेकर परिवार के सभी सदस्य अपने पैतृक गांव गए हुए थे. घर की रखवाली के लिए दो व्यक्तियों को जिम्मेदारी दी थी. चोरी का आरोप इन्हीं दो स्टाफ पर है.
दोनों युवकों से पुलिस की पूछताछ जारी: कमरे में रखे सोना-चांदी, हीरे के जेवरात, महंगे कपड़े और 92 हजार कैश गायब हैं. घर में हुई चोरी को लेकर पीड़ित महिला ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करवाई है. पुलिस इस मामले में दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है.

"मेरा बेटा दिल्ली में एटीसी मैनेजर था. वह 20 तारीख को शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली से बीकानेर गया हुआ था, वहां पर उसकी हत्या कर दी गई. जब उसका शव बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डा पहुंचा तो परिवार के सभी लोग शव को लेकर अपने पैतृक गांव सहरसा निकल गए और घर की देखरेख के लिए दो युवकों को छोड़ गए. हमको उन दोनों पर शक है."- मोहन खेतान, पीड़ित
घर के कमरे में सारा सामान बिखरा हुआ था: बेटे के हत्या का गम खत्म नहीं हुआ कि इसी बीच जानकारी मिली कि घर में चोरी हो गई है. सूचना मिलते ही पीड़ित अपने पूर्णिया निवास पहुंचे. घर के कमरे में सारा सामान बिखरा हुआ था. अलमीरा में रखे सोना-चांदी के जेवरात के साथ-साथ नगद रुपये गायब थे. पीड़ित ने दोनों युवकों पर चोरी का आरोप लगाया है.

सीसीटीवी कैमरा खंगालने पर हुआ युवकों पर शक : दोनों में से एक युवक से जब पूछताछ की गई तो वह मनगढ़ंत कहानी बनाने लगा. सीसीटीवी कैमरा खंगालने पर उनके ऊपर संदेह हुआ. जिसके बाद स्थानीय पुलिस को चोरी की घटना की जानकारी दी गई. चोरी की घटना को लेकर स्थानीय के. हाट थाना में आवेदन दिया गया है. दोनों युवकों को संदेह के आधार पर पुलिस को सौंप दिया गया है.
इन खबरों को भी पढ़िए-

