ETV Bharat / state

व्यापारी से 3.79 करोड़ के लैपटॉप-कंप्यूटर लेकर हो गया फरार, ऐसे हुआ गिरफ्तार

80 लाख रुपये का जीएसटी भी व्यापारी ने भरा, पैसे मांगने पर मिली धमकी.

लखनऊ में ठगी.
लखनऊ में ठगी. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 11:27 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ: राजधानी की विकासनगर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सामान की सप्लाई के नाम पर करोड़ों रुपये का गबन करने वाले शातिर जालसाज शोभित श्रीवास्तव को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने लैपटॉप, कंप्यूटर और प्रिंटर की बड़ी खेप लेने के बाद पीड़ित व्यापारी को 3.79 करोड़ रुपये का चूना लगाया और भुगतान मांगने पर जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित इस बकाया राशि पर 80 लाख रुपये का जीएसटी पहले ही जमा कर चुका है. महीनों से फरार चल रहे इस ठग को पुलिस की एक विशेष टीम ने मल्हौर रोड से घेराबंदी कर दबोचा. पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और ठगी गई रकम की रिकवरी को लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई है.

क्या है पूरा मामला: ​विकासनगर सेक्टर-2 निवासी लोकेश ने 19 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़ित के अनुसार, आरोपी शोभित श्रीवास्तव ने कंप्यूटर, लैपटॉप और प्रिंटर की बड़ी खेप का ऑर्डर दिया और माल की डिलीवरी ले ली. सामान लेने के बाद आरोपी ने 3.79 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया. पीड़ित का दावा है कि इस माल पर वह लगभग 80 लाख रुपये का जीएसटी पहले ही अपनी जेब से भर चुका है. जब पीड़ित ने अपनी बकाया रकम मांगी, तो आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद वह फरार हो गया.

मल्हौर रोड से हुई गिरफ्तारी: ​थाना प्रभारी विकासनगर आलोक सिंह ने बताया कि टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी. टीम को सूचना मिली कि आरोपी मल्हौर रोड के पास मौजूद है. पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोभित श्रीवास्तव निवासी सेक्टर-एफ, जानकीपुरम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चिनहट की यमुना विहार कॉलोनी का रहने वाला है.

यह भी पढ़ें: यूपी में ठंड के बीच बारिश का अलर्ट; सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, इटावा में पारा 2.6 डिग्री से.