हरिद्वार में 1.45 करोड़ की ठगी, जानिए साइबर ठगों ने कैसे अपने जाल में फंसाया
एक व्यक्ति को उसका लालच ले डूबा और उसने अपनी सारी जमापूंजी साइबर ठगों के हाथों गंवा दी. पीड़ित से 1.45 करोड़ की ठगी हुई.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : April 29, 2026 at 1:55 PM IST
हरिद्वार: उत्तराखंड में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. हालांकि पुलिस की तरफ से लोगों की जागरूक भी किया जा रहा है कि साइबर ठगों से कैसे बचें, फिर भी कुछ लोग लालच या फिर जागरूकता के अभाव में साइबर ठगों का शिकार हो जा रहे हैं. ऐसा ही एक मामला हरिद्वार जिले से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति से करीब एक करोड़ 45 लाख रुपए की ठगी हुई है.
फेसबुक पर विज्ञापन देखकर झांसे में आया: पीड़ित ने हरिद्वार पुलिस को शिकायत दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि पीड़ित हरिद्वार सिडकुल में स्थित फार्मा कंपनी में काम करता है. हरिद्वार में ही उनका घर है.
निवेश के नाम पर झांसा दिया: पीड़ित ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में उन्होंने फेसबुक पर शेयर बाजार निवेश संबंधी विज्ञापन देखा था. विज्ञापन देखने के बाद उन्होंने दिए गए लिंक पर क्लिक करके संपर्क किया. लिंक पर जाने के बाद बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर विशेष शेयर और आईपीओ में निवेश के नाम पर झांसा दिया गया.
एप डाउनलोड कराया: पीड़ित का कहना है कि पहले व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और फिर एप डाउनलोड कराया. इसके बाद आरोपियों ने खुद को एक नामी निवेश सलाहकार बताकर नियो कोट प्रो नामक एप डाउनलोड करवाया और भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया. पीड़ित कर्मचारी ने कंपनी के बताए रास्ते पर चलकर निवेश कर दिया. शुरुआत में सब कुछ ठीक चलता रहा. साथ ही एप पर निवेश राशि और लाभ बढ़ता दिखाया. लाभ मिलने पर पीड़ित का विश्वास बढ़ा.
1 करोड़ 45 लाख का निवेश किया: पीड़ित को लगा कि यह कंपनी उसे अमीर बना देगी. विश्वास में आकर उसने और पैसा इन्वेस्ट कर किया. इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के अलग-अलग बैंक खातों में पड़ी धनराशि ट्रांसफर करवाई गई. कुल मिलाकर पीड़ित से 1 करोड़ 45 लाख 800 रुपये जमा करवा लिए गए. जब पीड़ित ने अपने रुपए निकासी का प्रयास किया गया तो खाते से धनराशि निकालना संभव नहीं हुआ. उसने एप के माध्यम से कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क करना चाहा लेकिन संपर्क नहीं हो पाया. इसके बाद आरोपी उसके संपर्क से बाहर हो गए.
पीड़ित ने मोटा लाभ कमाने के चक्कर में अपनी मेहनत की जमा पूंजी लगा दी और खुद के साथ ठगी का एहसास होने पर साइबर सेल और सिडकुल पुलिस से शिकायत की. शिकायत मिलते ही पुलिस ने इस मामले में मुकदम दर्ज किया. सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि इस मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. पीड़ित के खाते की डिटेल लेकर साइबर सेल को भेज दी है. जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
पढ़ें---

