आयुष विभाग लेक्चरर भर्ती: RPSC ने एडमिट कार्ड जारी किए, 12 जनवरी को होगी ऑनलाइन परीक्षा
RPSC ने लेक्चरर (आयुष विभाग) परीक्षा-2025 के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं. परीक्षा मात्र 9 पदों के लिए आयोजित की जा रही है.

Published : January 9, 2026 at 1:24 PM IST
अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने वर्ष 2012 के बाद एक बार फिर ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली को अपनाया है. इसी कड़ी में लेक्चरर (आयुष विभाग) परीक्षा-2025 का आयोजन कंप्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट (सीबीआरटी) के माध्यम से 12 जनवरी 2026 को अजमेर जिला मुख्यालय पर दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक किया जाएगा. आयोग ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र आज जारी कर दिए हैं.
आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा की तैयारी के लिए मॉक टेस्ट आयोग की वेबसाइट पर कैंडिडेट इनफॉर्मेशन सेक्शन में कंप्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट (सीबीआरटी) के तहत उपलब्ध कराया गया था. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे मॉक टेस्ट का अनिवार्य रूप से अभ्यास करें ताकि परीक्षा प्रक्रिया से पूरी तरह परिचित हो सकें. यह परीक्षा मात्र 9 पदों के लिए आयोजित की जा रही है और इसके लिए लगभग 2600 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. मेहता ने बताया कि प्रवेश पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट तथा एसएसओ पोर्टल पर अपलोड कर दिए गए हैं.
इसे भी पढ़ें- सहायक आचार्य परीक्षा-2025 की 5 विषयों की मॉडल उत्तर कुंजी जारी, 3 जनवरी से ऑनलाइन आपत्ति दर्ज
प्रवेश पत्र ऐसे डाउनलोड करें: अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से अपना आवेदन-पत्र क्रमांक और जन्म तिथि दर्ज करके प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. वैकल्पिक रूप से, एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करके सिटीजन ऐप्स में रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी प्रवेश पत्र प्राप्त किया जा सकता है.
परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश: परीक्षा केंद्र पर किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा शुरू होने के ठीक 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा. इसके बाद किसी को भी केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी, इसलिए अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय पहले केंद्र पर पहुंचना चाहिए ताकि सुरक्षा जांच, फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके. देरी से पहुंचने पर परीक्षा से वंचित होने का खतरा हो सकता है.
इसे भी पढ़ें- आरएएस भर्ती 2023 : कुल चयनित अभ्यर्थियों में 55.86 फीसदी ग्रामीण परिवेश से, जानिए महिलाओं का प्रदर्शन
पहचान पत्र अनिवार्य: अभ्यर्थियों को पहचान के लिए मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) साथ लाना अनिवार्य है. यदि आधार कार्ड पर फोटो अस्पष्ट या पुरानी है तो अन्य मूल फोटो युक्त पहचान पत्र जैसे वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस (नवीनतम और स्पष्ट रंगीन फोटो वाला) लेकर आएं. प्रवेश पत्र पर भी नवीनतम स्पष्ट रंगीन फोटो चस्पा करना सुनिश्चित करें. स्पष्ट फोटो युक्त मूल पहचान पत्र के अभाव में केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. अभ्यर्थी प्रवेश पत्र के साथ जारी अनुदेशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें.
दलालों के बहकावे से बचें: सचिव रामनिवास मेहता ने चेतावनी दी कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी किसी दलाल, एजेंट या असामाजिक तत्व के बहकावे में न आएं. यदि कोई पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगता है या प्रलोभन देता है तो प्रमाण सहित आयोग के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 या 2635255 पर सूचना दें. अनुचित साधनों का उपयोग करने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना तथा संपत्ति कुर्की जैसी कड़ी सजा का प्रावधान है.
इसे भी पढ़ें- डिप्टी कमांडेंट परीक्षा 2025 : प्रवेश पत्र 8 जनवरी को किए जाएंगे अपलोड

