आरएएस भर्ती-2024 : साक्षात्कार में युवाओं की सर्वाधिक भागीदारी, 80.10 प्रतिशत 21 से 33 आयु वर्ग के
आरपीएससी- आरएएस भर्ती 2024 परिणाम विश्लेषण. जयपुर का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक. यहां जानिए पूरी स्थिति...

Published : May 29, 2026 at 4:05 PM IST
अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आरएएस भर्ती परीक्षा-2024 अंतर्गत परिणाम विश्लेषण जारी किया गया है. कुल 1096 पदों के लिए आयोजित हुई भर्ती के आंकड़े प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की कड़ी प्रतिस्पर्धा में उत्तीर्ण होकर साक्षात्कार में सम्मिलित होने वाले 2 हजार 397 अभ्यर्थियों की स्थिति को दर्शाते हैं.
जिलावार प्रतिनिधित्व : आयोग के सचिव राम निवास मेहता ने बताया कि साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों का जिलेवार विश्लेषण किया जाए तों राजधानी जयपुर का प्रतिनिधित्व सबसे अधिक रहा है. जबकि अन्य जिलों के अभ्यर्थियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों में सम्मिलित कुल 2 हजार 397 उम्मीदवारों में से अकेले जयपुर जिले से सर्वाधिक 247 (10.30 प्रतिशत) अभ्यर्थी शामिल थे.
इसके अतिरिक्त जोधपुर से 114, बाड़मेर से 112, और बीकानेर व नागौर से 100-100 अभ्यर्थियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. साथ ही, अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों जैसे उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ से भी कुल 36 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों में सम्मिलित हुए.
ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों का अनुपात अधिक : मेहता ने बताया कि स्कूली शिक्षा के स्थान पर आधारित आंकड़ों के अनुसार साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों में सम्मिलित कुल उम्मीदवारों में से 52.36 प्रतिशत (1 हजार 255 अभ्यर्थी) ग्रामीण पृष्ठभूमि के हैं, जबकि शहरी पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों का अनुपात 47.64 प्रतिशत रहा।इसके साथ ही पूर्व से ही सरकारी या निजी सेवा में कार्यरत 56.03 प्रतिशत (1343 अभ्यर्थी) अनुभवी उम्मीदवारों ने भी इसमें स्थान बनाया है.
आयु वर्ग के अनुसार स्थिति : उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की आयु सीमा के विश्लेषण से स्पष्ट है कि परीक्षा में युवा वर्ग की भागीदारी सबसे अधिक रही है. साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों में सम्मिलित कुल उम्मीदवारों में से 80.10 प्रतिशत (1 हजार 920 अभ्यर्थी) 21 से 33 वर्ष की आयु वर्ग के हैं. यदि इसे और विस्तृत रूप में देखें तो 21 से 25 वर्ष के आयु वर्ग में 725 अभ्यर्थी (30.25 प्रतिशत ) और 26 से 30 वर्ष के आयु वर्ग में सर्वाधिक 891 अभ्यर्थी (37.17 प्रतिशत) सम्मिलित रहे. इसके अतिरिक्त 31 से 33 वर्ष के वर्ग में 304 अभ्यर्थी (12.68 प्रतिशत ), 34 से 40 वर्ष के वर्ग में 405 अभ्यर्थी (16.90 प्रतिशत ), 41 से 45 वर्ष के वर्ग में 62 अभ्यर्थी (2.59 प्रतिशत ) तथा 46 से 50 वर्ष के आयु वर्ग में 10 अभ्यर्थी (0.42 प्रतिशत ) शामिल हुए.
शैक्षणिक योग्यता की स्थिति : मेहता ने बताया कि साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों में से 1 हजार 888 अभ्यर्थी अपनी स्नातक परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण थे, जबकि 39.60 प्रतिशत अभ्यर्थी स्नातकोत्तर योग्यता रखते हैं. विशेष तथ्य यह है कि इस बार 14 डॉक्टर, 15 एलएलबी/एलएलएम डिग्रीधारी, 10 एमबीए और 238 इंजीनियर्स भी साक्षात्कार तक का सफर तय करने में सफल रहे. कुल अभ्यर्थियों में से 87.86 प्रतिशत ने राजस्थान के ही विभिन्न विश्वविद्यालयों से उच्च शिक्षा प्राप्त की है. इसमें राजस्थान विश्वविद्यालय (573 अभ्यर्थी), महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (205) अग्रणी रहे हैं.
पढ़ें : आरपीएससी : आरएएस भर्ती-2026 का विज्ञापन जारी, 607 पदों के लिए 4 जून से कर सकेंगे आवेदन
आरएएस भर्ती 2026 एक नजर : उन्होंने बताया कि इस पूरी भर्ती के विभिन्न चरणों पर नजर डालें तो पदों के लिए विज्ञापन जारी होने के बाद प्रारंभिक परीक्षा 2 फरवरी 2025 को हुई थी, जिसका परिणाम 20 फरवरी 2025 को घोषित किया गया. इसके बाद मुख्य परीक्षा 17 और 18 जून 2025 को आयोजित हुई और परिणाम 8 अक्टूबर 2025 को आया. सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का दौर 1 दिसम्बर 2025 से 17 अप्रैल 2026 तक संचालित हुआ और 18 अप्रैल 2026 को अंतिम परिणाम जारी किया गया, जिसमें कुल 2 हजार 391 अभ्यर्थियों की वरीयता सूची जारी की गई.

