RPS अधिकारी पर एक करोड़ रुपये की वसूली के आरोप, जयपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार
RPS अधिकारी रितेश पटेल पर फर्जी FIR बनाकर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है. 50 लाख रुपये वसूले. पुलिस ने गिरफ्तार किया.

Published : December 31, 2025 at 5:36 PM IST
जयपुर: राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RPS) के एक अधिकारी पर गंभीर आरोप लगे हैं. आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति को धमकाकर एक करोड़ रुपये की मांग की और एसओजी के नाम से फर्जी एफआईआर तैयार कर भेजी. इसमें से आधी रकम भी वसूल ली गई. अब जयपुर पुलिस ने आरोपी RPS अधिकारी रितेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.
महेश नगर थाना पुलिस ने एपीओ (अटैच्ड पुलिस ऑफिसर) चल रहे RPS अधिकारी रितेश पटेल को उनके केसर चौराहा स्थित घर से गिरफ्तार किया. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि रितेश पटेल ने धमकी देकर एक करोड़ रुपये मांगे और एसओजी के नाम से फर्जी एफआईआर बनाकर भेजी. पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. रितेश पटेल 2019 बैच के RPS अधिकारी हैं और बजरी लेनदेन के एक मामले में पहले से एपीओ चल रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- देवी-देवताओं की मूर्ति चोरी प्रकरण: आरपीएस अंशु जैन पर गिरी गाज, किया एपीओ
प्रारंभिक पूछताछ के बाद गिरफ्तारी: जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि एसओजी की फर्जी एफआईआर तैयार कर शिकायतकर्ता को भेजने और रुपये मांगने का आरोप है. शिकायत पर महेश नगर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर गिरफ्तार कर लिया. आरोप है कि रुपये के लेनदेन के मामले में दबाव बनाने के लिए फर्जी एफआईआर का सहारा लिया गया.
जांच में जुटी पुलिस: कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि मामले में विस्तृत जांच चल रही है. कितने रुपये लिए गए और कैसे लिए गए, इसकी पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ होगी. शिकायतकर्ता का कहना है कि एक करोड़ की मांग में से 25 लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए गए. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें- आरपीएस को महिला के साथ स्वीमिंग पूल का अश्लील वीडियो वायरल होने के आधार पर किया था बर्खास्त, हाईकोर्ट ने बहाली के दिए आदेश

