'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत RPF रांची की कार्रवाई, बच्चे के गले से छीना गया सोने का लॉकेट बरामद, आरोपी गिरफ्तार
आरपीएफ रांची ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बच्चे का लॉकेट चुराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है.

Published : May 28, 2026 at 6:36 PM IST
रांची: रेलवे विभाग यात्रियों की सुरक्षा को लेकर 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' अभियान चला रहा है. जिसके तहत आरपीएफ रांची ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए बच्चे के गले से छीना गया सोने का लॉकेट बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई को आरपीएफ पोस्ट, डिविजनल TOPB टीम और रांची CIB की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है.
प्लेटफॉर्म पर छीना था बच्चे का गोल्ड लॉकेट
जानकारी के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर ट्रेन संख्या 18603 एक्सप्रेस में अपने परिवार को विदा करने पहुंचे एक यात्री के बच्चे के गले से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट किसी अज्ञात सख्स द्वारा छीन लिया गया था. घटना के बाद यात्री अजय कुमार सिन्हा ने इसकी शिकायत रेलवे सुरक्षा बल से की थी. शिकायत मिलते ही आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी.
खंगाला गया सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला. फुटेज की जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई. इसके बाद आरपीएफ की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी.
पकड़ा गया संदिग्ध युवक
28 मई को सीसीटीवी स्टाफ से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ पोस्ट डिविजनल TOPB टीम और CIB रांची की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. पूछताछ में युवक ने अपना नाम ऋतिक मिश्रा बताया, जो बोकारो जिला का रहने वाला है.
युवक की तलाशी के वक्त मिला गोल्ड लॉकेट
तलाशी के दौरान उसके पास से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट, एक काला बटुआ और पैन कार्ड की प्रति बरामद की गई है. बाद में शिकायतकर्ता अजय कुमार सिन्हा ने बरामद लॉकेट की पहचान अपने बच्चे के लॉकेट के रूप में की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.
जीआरपी को सौंपा गया आरोपी
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी और बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है. जीआरपी द्वारा संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाया जा रहा है.
सुरक्षा और अपराध नियंत्रण
रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित कार्रवाई की यात्रियों और आम लोगों ने सराहना की है. अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर रेलवे लगातार सतर्क है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.
स्टेशन परिसर और ट्रेनों में लगातार निगरानी
आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार ने कहा कि 'रेल यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है. ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत स्टेशन परिसर और ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जा रही है. शिकायत मिलते ही हमारी टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार कर सोने का लॉकेट बरामद किया. भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर इसी तरह सख्ती और सतर्कता बरती जाएगी.
इस पूरी कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उप निरीक्षक अश्वनी कुमार, स्टाफ मयंक सिंह, डिविजनल TOPB टीम के एएसआई अनिल कुमार, स्टाफ राज कुमार सिंह, हेमंत तथा CIB रांची की अहम भूमिका रही.
ये भी पढ़ें- चलती ट्रेन से गिरी महिला यात्री, आरपीएफ जवान ने बचाई जान
RPF के हत्थे चढ़े दो बदमाश, चलती ट्रेन में पिस्तौल लहराकर यात्रियों को धमकाने का आरोप
ऑपरेशन संरक्षा: रांची रेलवे स्टेशन से प्रतिबंधित पटाखा बरामद, शराब तस्कर भी दबोचे गए

