ETV Bharat / state

ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत आरपीएफ रांची की बड़ी कार्रवाई, 18 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार

ट्रेन के माध्यम से गांजा की तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है. आरपीएफ रांची ने गांजे की बड़ी खेप के साथ दो को गिरफ्तार किया है.

RPF Ranchi seized ganja
आरपीएफ रांची की गिरफ्त में गांजा तस्कर. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 12, 2026 at 2:24 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः आरपीएफ ने ऑपरेशन “NARCOS” के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है. जब्त गांजा के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है. बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई है.

रांची स्टेशन पर जांच अभियान में सफलता

रांची मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ की टीम रेलवे स्टेशन परिसर में लगातार सघन जांच अभियान चला रही है. इसी क्रम में दिनांक 10 फरवरी 2026 को रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था. इस क्रम में ट्रेन संख्या 15027 के स्टेशन आगमन के बाद प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर एक पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में बैठे पाए गए. दोनों घबराए हुए नजर आ रहे थे, जिससे ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के जवानों को संदेह हुआ.

संदेह के आधार पर आरपीएफ ने पूछताछ शुरू की. जिसमें पुरुष ने अपना नाम राजू कुमार (29 वर्ष), पिता लल्लू सिंह, निवासी गिरधरपुर, थाना करगहर, जिला रोहतास (बिहार) बताया. वहीं महिला ने अपना नाम छोटी कुमारी (21 वर्ष), पिता गोपाल कहार, निवासी सोनाडीह, थाना करगहर, जिला रोहतास (बिहार) बताया. जब उनके पास रखे बैग के बारे में पूछताछ की गई तो दोनों ने स्वीकार किया कि बैग में प्लास्टिक में लिपटा हुआ गांजा रखा है.

कुल 18 किलो गांजा बरामद

मामले की सूचना तत्काल सहायक सुरक्षा आयुक्त रांची अशोक कुमार सिंह को दी गई. उनके मौके पर पहुंचने के बाद विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों की व्यक्तिगत तलाशी और बैग की जांच की गई. जांच के दौरान राजू कुमार के पास से भूरे प्लास्टिक में लिपटे गांजे के 10 पैकेट और छोटी कुमारी के पास से 8 पैकेट बरामद किए गए. मौके पर वजन करने पर कुल 18 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि उन्हें यह गांजा और रेलवे टिकट संबलपुर (ओडिशा) निवासी बिस्नु नामक व्यक्ति से मिला था. उन्हें निर्देश दिया गया था कि सासाराम रेलवे स्टेशन पर गिरधरपुर निवासी बिट्टू चंद्रवंशी और छोटू सिंह को यह खेप सुपुर्द करनी है.

जीआरपी करेगी आगे की कार्रवाई

आरपीएफ ने बरामद गांजे को विधिवत जब्त कर सील कर दिया. इसके बाद दोनों आरोपितों को जब्त माल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है.

अभियान में इनकी भूमिका रही महत्वपूर्ण

इस सफल अभियान में आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, स्टाफ मोहम्मद आलिम और वर्षा मुंडा की अहम भूमिका रही. वहीं फ्लाइंग टीम रांची के सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार, स्टाफ राजकुमार सिंह और दिनेश प्रसाद ने भी कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाई.

रेलवे परिसर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आरपीएफ की यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें-

ऑपरेशन नार्कोस : नशे के खिलाफ आरपीएफ फ्लाइंग टीम की कार्रवाई, 25 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन 'नार्कोस' के तहत बड़ी सफलता, रांची रेलवे स्टेशन से 10 किलो गांजा के साथ एक तस्कार गिरफ्तार

रांची रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन नार्कोस में आरपीएफ को सफलता, 45 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार