चलती ट्रेन से गिरी महिला यात्री, आरपीएफ जवान ने बचाई जान
रांची रेलवे स्टेशन पर एक RPF कांस्टेबल ने चलती ट्रेन से गिरी एक महिला की जान बचा ली.

Published : May 10, 2026 at 4:37 PM IST
रांची: रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की महिला कांस्टेबल ने अपनी सतर्कता, साहस और तत्परता से एक महिला यात्री की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की. जिसे वहां मौजूद लोगों ने एक छोटे बच्चे के लिए मां को मिला सबसे बड़ा तोहफा बताया. आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत महिला सिपाही की बहादुरी ने एक बड़ा हादसा टाल दिया.
चलती ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास
रेल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 18611 रांची-बनारस एक्सप्रेस रांची रेलवे स्टेशन से खुल रही थी. इसी दौरान एक यात्री अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ जल्दबाजी में ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था. ट्रेन गति पकड़ने लगी थी और अफरा-तफरी के बीच महिला यात्री का संतुलन बिगड़ गया. महिला सीधे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच बने गैप में गिर गई, प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों के बीच अचानक चीख-पुकार मच गई.
महिला कांस्टेबल की सराहना
उसी समय ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की लेडी कांस्टेबल साविता गारी ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझ लिया. बिना समय गंवाए उन्होंने दौड़कर महिला को मजबूती से पकड़ लिया और ट्रेन रुकने तक उसे थामे रखा. उनकी त्वरित कार्रवाई और बहादुरी के कारण महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने राहत की सांस ली और महिला कांस्टेबल की सराहना की.
मदर्स डे का सबसे बड़ा उपहार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. महिला यात्री और उसके परिजन भी भावुक हो गए. छोटे बच्चे की आंखों के सामने उसकी मां सुरक्षित बच गई, जिसे लोग मदर्स डे का सबसे बड़ा उपहार बता रहे हैं.
रांची मंडल में आरपीएफ लगातार यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है. रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा जांच के साथ-साथ यात्रियों को जागरूक भी किया जा रहा है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें. रेलवे अधिकारियों ने कहा कि जल्दबाजी कई बार गंभीर हादसों का कारण बनती है.
चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने से बचेंः आरपीएफ कमांडेंट
आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार ने कहा कि रांची मंडल में यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. महिला कांस्टेबल साविता गारी ने साहस, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक यात्री की जान बचाई. उनका यह कार्य अन्य जवानों के लिए भी प्रेरणादायक है. उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश कभी न करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें.
ये भी पढ़ें:
जामताड़ा में बड़ा ट्रेन हादसा, ट्रेन से कटकर दो लोगों की मौत
चलती ट्रेन से गिरे झारखंड के लड़के की मौत, रेलवे ने शुरू की घटना की जांच
रेल सुरक्षा बल के जवान संजय भगत ने दिखाई बहादुरी, चलती ट्रेन से गिरती महिला की बचाई जान

