राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी विवाद: बालोद में युवा कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पैसों से भरा बैग लेकर जिला शिक्षा अधिकारी को देने पहुंचे. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि डीईओ शिक्षा में ध्यान नहीं देती.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 8, 2026 at 12:22 PM IST
बालोद: राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी आयोजन में कथित करोड़ों रुपए के घोटाले के आरोपों को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है. इसी कड़ी में बुधवार को जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता शिक्षा अधिकारी कार्यालय और आयोजन स्थल के बाहर पहुंच गए और अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया.
बालोद डीईओ पर घोटाले का आरोप
प्रदर्शनकारी पैसों से भरा प्रतीकात्मक बैग लेकर डीईओ ऑफिस और जंबूरी स्थल तक पहुंचे. लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें रोक दिया. पुलिस की रोक के बावजूद कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे और डीईओ के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया. कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी और भाजपा सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए.
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रशांत बोकडे ने कहा कि जंबूरी का कार्यक्रम बालोद में हो रहा है ये गौरव की बात है. लेकिन रोवर रेंजर जंबूरी कार्यक्रम में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी वजह से पूरे देश में बालोद और जंबूरी कार्यक्रम की किरकिरी हो रही है.
नियमों को दरकिनार कर किया काम
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया "जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी भ्रष्टचार की देवी है. पीएम मोदी से मांग करते हैं इन्हें जेल भेजा जाए. जंबूरी कार्यक्रम के लिए बिना टेंडर और बिना नियम के काम किया गया. मधुलिका तिवारी नेताओं और अपनी आलमारी को भरने के लिए भ्रष्टाचार कर रही है. नियमों को शिथिल कर सारे काम कराए जा रहे हैं." युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी शिक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर सिर्फ भ्रष्टाचार करने का काम करती है.
इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस महामंत्री आदित्य दुबे, शहर अध्यक्ष साजन पटेल, पार्षद सुमित शर्मा, अजहर तिगाला, दीपक सानू पाल, दिनेश्वर साहू, मयंक राजा, विकास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। बोकडे ने जंबूरी आयोजन में हुई कथित अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच की मांग की और चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

