फाइल दिखाकर बोले- खुलेगा आयोग का काला चिट्ठा, गर्दनीबाग पहुंचकर रौशन आनंद ने छात्रों के सामने किया बड़ा दावा
'मेरे पास आयोग से संबंधित काला चिट्ठा' गर्दनीबाग धरनास्थल पर शिक्षक रौशन आनंद हाथ में क्या था?. पटना से कृष्णनंदन की रिपोर्ट


Published : August 23, 2026 at 8:51 AM IST
पटना: बिहार में बीपीएससी, बीएसएससी और लंबित भर्ती परीक्षाओं समेत अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर शनिवार को उस समय नया मोड़ आ गया, जब ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक और बिहार के चर्चित शिक्षक रौशन आनंद धरनास्थल पहुंचे. उन्होने आंदोलन को मजबूत करने के लिए सभी छात्र नेताओं से एक मंच पर आने की अपील की. उनके साथ विपिन सर भी मौजूद रहे.
रौशन आनंद अनशन पर बैठे छात्रों से मिलने पहुंचे : रौशन आनंद पहले अमन यादव के अनशन स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया और इसके बाद छात्र नेता दिलीप के धरना स्थल पर भी पहुंचे. रौशन आनंद ने दोनों छात्र नेताओं से अलग-अलग आंदोलन करने के बजाय एक मंच पर आने की अपील की.

रौशन आनंद के हाथ में कौन सी फाइल? : इस दौरान रौशन आनंद के हाथ में एक फाइल थी. उन्होंने दावा किया कि फाइल में आयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी है और इसमें आयोग का 'काला चिट्ठा' सामने आ सकता है. उन्होंने कहा कि वह इस फाइल की जानकारी शनिवार को सार्वजनिक करने वाले थे, लेकिन अब ऐसा नहीं करेंगे. क्योंकि जब तक सभी छात्र और छात्र नेता एक मंच पर नहीं आते, तब तक वह फाइल सार्वजनिक नहीं करेंगे.
क्या सरकार सुनेगी छात्रों की बात? : रौशन ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से निकाला जा सकता है. उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलनों का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार और छात्रों के बीच संवाद होने पर समस्याओं का समाधान संभव है. उन्होंने बिहार सरकार से गर्दनीबाग में आंदोलन कर रहे छात्रों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनने की अपील की.
पटना के गर्दनीबाग में छात्र आंदोलन : बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं और लंबित भर्तियों को लेकर युवाओं का आक्रोश अब पटना के गर्दनीबाग में दो अलग-अलग छात्र आंदोलनों के रूप में दिखाई दे रहा है. एक तरफ छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में महाधरना चल रहा है, तो ठीक बगल में छात्र नेता अमन यादव पिछले छह दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं.
25 अगस्त को विधानसभा घेराव : अमन यादव ने शुक्रवार को 25 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान कर दिया है. यह घेराव गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से शुरू होगा. अमन यादव का दावा है कि उनके आंदोलन को 15 से अधिक छात्र संगठनों का समर्थन मिल चुका है.
अमन यादव के आमरण अनशन का 7वां दिन : अमन यादव पिछले सात दिनों से आमरण अनशन पर हैं. उनके आंदोलन में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, लंबित परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कुल 13 प्रमुख मुद्दे उठाए जा रहे हैं. इनमें BSSC द्वितीय इंटर स्तरीय परीक्षा को जल्द आयोजित करने की मांग सबसे प्रमुख है. इसके अलावा आंदोलनकारी BPSC 70वीं परीक्षा को रद्द करने, BPSSC की 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती परीक्षा को रद्द करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं.
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग : वहीं, छात्र नेता दिलीप के नेतृत्व में भी गर्दनीबाग में छात्रों का आंदोलन जारी है. उनके आंदोलन में चौथे चरण की शिक्षक बहाली यानी TRE-4 का नोटिफिकेशन में परीक्षा तिथि जारी करने और एक परीक्षा करने, BSSC द्वितीय इंटर स्तरीय भर्ती परीक्षा की परीक्षा तिथि घोषित करने, लाइब्रेरियन की बहाली, पेपर लीक के खिलाफ सख्त नीति और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता समेत कई मुद्दे शामिल हैं.

छात्र नेता दिलीप का सरकार को अल्टीमेटम : दिलीप ने सरकार को पहले ही अल्टीमेटम दिया था कि अगर छात्रों की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. TRE-4 का विज्ञापन अब जारी हो चुका है, लेकिन परीक्षा की तिथि जारी नहीं हुई है. इसके अलावा छात्रों के दूसरे मुद्दे अभी भी बने हुए हैं. उनका कहना है कि केवल एक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने से छात्रों की सभी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता. लंबित परीक्षाओं और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता से जुड़े सवालों पर भी सरकार को जवाब देना होगा.
ये भी पढ़ें:
'सरकार को झुकना होगा..' छात्रों के आंदोलन में पहुंचे पप्पू यादव ने दी चेतावनी
BPSC TRE 4 के लिए नोटिफिकेशन जारी, 32,388 पदों पर शिक्षकों की होगी बहाली

