रुड़की उर्स मेले में बड़ा हादसा, टूटकर भीड़ के बीच गिरी बिजली की तार, मची अफरा तफरी
अब्दाल शाह साहब रोड पर प्रकाश पथ के लिए लगाई गई विद्युत लाइन में अचानक फाल्ट आ गया. जिसके बाद ये हादसा हुआ.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 27, 2026 at 2:37 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की से करीब सात किलोमीटर की दूरी पर पिरान कलियर में स्थित दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले के दौरान अब्दाल शाह साहब रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रकाश पथ के लिए लगाई गई विद्युत लाइन का एक तार अचानक टूटकर सड़क पर आ गिरा. जिस समय बिजली का तार नीचे गिरा उस वक्त मार्ग पर जायरीनों की आवाजाही बनी हुई थी. गनीमत रही कि तार किसी जायरीन के ऊपर नहीं गिरा और एक बड़ा हादसा होने से टल गया.
पिरान कलियर में स्थित दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स/मेला इन दिनों पूरे उत्साह और अकीदत के साथ चल रहा है. वहीं, बड़ी रोशनी और ईद मिलादुन्नबी के मौके की रस्म के चलते कलियर में अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं. इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. इसके अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उर्स/मेले में पहुंच रहे हैं. इस बीच भीड़-भाड़ वाले रास्ते पर विद्युत तार का अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया.
बताया गया है कि अब्दाल शाह साहब रोड पर प्रकाश पथ के लिए लगाई गई विद्युत लाइन में अचानक फाल्ट आ गया. इसके बाद लाइन का एक तार टूटकर सड़क पर जा गिरा. तार के अचानक गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. लोग सुरक्षित स्थान की ओर हटने लगे. कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घटना की सूचना विद्युत ठेकेदार को दी गई.मामले की जानकारी मिलते ही ठेकेदार ने टूटे हुए तार की मरम्मत कर विद्युत लाइन को दुरुस्त कराया. जिसके बाद व्यवस्था को दोबारा सुचारु किया गया.
उर्स के दौरान लगातार बढ़ रही जायरीनों की भीड़ के बीच इस तरह विद्युत तार का टूटकर गिरना आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.खासकर उन रास्तों पर जहां पर दिन-रात हजारों लोगों की आवाजाही हो रही है, वहां विद्युत लाइनों और अस्थाई व्यवस्थाओं की नियमित जांच बेहद जरूरी है.
बताते चलें, कुछ दिन पहले ही पिरान कलियर में जर्मन हैंगर से नीचे गिरने के कारण एक मजदूर की दर्दनाक मौत भी हो चुकी है. ऐसे में उर्स/मेला क्षेत्र में सामने आ रही इस तरह की घटनाएं सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं.
पढ़ें- पिरान कलियर उर्स में युवती से छेड़छाड़, दो गुटों में हुई जमकर मारपीट, खूब चले लात-घूंसे
पढ़ें- पिरान कलियर में उर्स तैयारी के बीच बड़ा हादसा, मजदूर की दर्दनाक मौत, जानिये पूरा मामला
पढ़ें- लड्डू गोपाल के साथ कलियर जियारत करने पहुंचा पंजाब का परिवार, लोगों ने खिंचवाई तस्वीरें

