तेज बारिश में गिरा छत का प्लास्टर, मलबे में दबा परिवार
कानपुर में तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, घायलों को अस्पताल ले जाया गया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 11:00 AM IST
|Updated : September 2, 2026 at 12:11 PM IST
कानपुर: यूपी के कानपुर में लगातार हो रही तेज बारिश के चलते जूही बम्बुरहिया में रक्षाबंधन के दिन यानी शुक्रवार को एक जर्जर मकान की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया. हादसे के समय कमरे में एक ही परिवार के छह लोग बैठकर खाना खा रहे थे. प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरने से सभी लोग उसकी चपेट में आकर घायल हो गए. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला. इसके बाद सभी को अस्पताल ले जाया गया.
जूही बम्बुरहिया के रहने वाले अजय रावत ने बताया कि उनके बड़े भाई संजय, भाभी रेखा और उनकी बेटी खुशी के अलावा उनकी बुजुर्ग बहनें निशा और शशि भी रक्षाबंधन के अवसर पर घर आई थीं. परिवार के सभी सदस्य कमरे में बैठकर आराम से भोजन कर रहे थे. इस दौरान करीब 45 साल पुराने मकान की छत का प्लास्टर अचानक नीचे आ गिरा.
हादसे में अजय, संजय, रेखा, शशि, निशा और खुशी घायल हो गए. सभी के सिर में चोटें आई हैं. प्लास्टर गिरने के बाद कुछ लोग मलबे के नीचे दब गए थे. आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने तत्काल आ कर मलवा हटाया और सभी को बाहर निकाला. हादसे में शशि और निशा को गंभीर चोट आने पर एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. दोनों बुजुर्ग बहनों का उपचार जारी है.
वहीं, अजय की बेटी खुशी के सिर में भी चोट लगी है. साथ ही अजय, संजय और रेखा को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घर भेज दिया. घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है. बारिश के बीच जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है.
यह भी पढ़ें: यूपी में 50 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम, कानपुर में मूसलाधार बारिश, 6 मकान गिरे
यह भी पढ़ें: यूपी में बाढ़ बारिश; सोन नदी के उफान से खतरे का अलर्ट, कानपुर में "यमलोक द्वार" बनी 80 फिट सड़क

