रांची और धनबाद में रोजगार मेला का आयोजन, अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण
रांची और धनबाद में रोजगार मेला का आयोजन किया गया. इस दौरान कई युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया.

Published : May 23, 2026 at 5:50 PM IST
रांची/धनबादः केंद्र सरकार की ओर से रांची और धनबाद में रोजगार मेला का आयोजन किया गया. इस मेले का आयोजन देशभर के 47 स्थानों में किया गया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले को संबोधित करते हुए नवनियुक्त युवाओं को 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए.
रांची में 132 अभ्यर्थियों को सौंपा गया नियुक्ति पत्र
इस क्रम में रांची के सीसीएल दरभंगा हाउस में आयोजित रोजगार मेला में 132 चयनित अभ्यर्थियों को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रांची विधायक सीपी सिंह की मौजूदगी में नियुक्ति पत्र दिया गया. सीसीएल सभागार में आयोजित रोजगार मेला में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑनलाइन संबोधन सुना.
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने विकसित भारत 2047 के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार सेमीकंडक्टर, एआई (AI) और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में भारी निवेश कर रही है. जिससे युवाओं के लिए लाखों नए अवसर पैदा हो रहे हैं. उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप पर राष्ट्र निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने रोजगार सृजन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया.
नियुक्ति पत्र पाकर खुश दिखे अभ्यर्थी
सीसीएल सभागार में आयोजित रोजगार मेला में आए युवा काफी खुश दिख रहे थे. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के हाथों नियुक्ति पत्र मिलते ही उनके चेहरे खिल गए. किसी को रेलवे में सहायक लोको पायलट बनने का मौका मिला तो किसी को अन्य सरकारी जिम्मेदारी.
प्रधानमंत्री अपने वादे पूरा करने में लगे हैंः संजय सेठ
इस अवसर पर के लिए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी युवाओं के प्रति केंद्र की मोदी सरकार की वचनबद्धता दोहराते हुए कहा कि अब तक 12.30 लाख युवाओं को रोजगार मेला के जरिए नियुक्ति पत्र मिल चुका है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो वादा किया था वह एक-एक वादा पूरा करने में लगे हैं.

अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
इस अवसर पर चक्रधरपुर रेल डिवीजन में काम करने का अवसर मिलने पर खुशी जताते हुए अभ्यर्थी सृष्टि कहती हैं कि काफी संघर्ष और मेहनत के बाद उन्हें सफलता मिली है. उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र देने के लिए मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूं. इसी तरह गुमला की अंजलि कहती हैं कि अभी तक किताबों की पढ़ाई कर रही थीं और अब सरकारी सेवा करने का मौका उन्हें मिला है, जिसे वह बखूबी निभाएंगी. उन्होंने खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया.
धनबाद में भी अभ्यर्थियों को सौंपा गया नियुक्ति पत्र
वहीं केंद्र सरकार की ओर से शनिवार को धनबाद स्थित रेलवे ऑडिटोरियम में 19वें रोजगार मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद ढुल्लू महतो और धनबाद विधायक राज सिन्हा शामिल हुए. इस मौके पर विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए.
कार्यक्रम का शुभारंभ धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर किया. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के युवाओं को संबोधित किया. उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से 51 हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए.
युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए केंद्र प्रतिबद्धः अन्नपूर्णा देवी
वहीं इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने बताया कि देशभर के 47 केंद्रों पर रोजगार मेला आयोजित कर विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. साथ ही उन्होंने सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए देश निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया. वहीं मंत्री ने केंद्र सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी. महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया.
ये भी पढ़ें-
पाकुड़ में रोजगार मेला में सैकड़ों बेरोजगारों को मिला रोजगार, विधायक ने बांटे नियुक्ति पत्र

