प्रेमी के साथ रहने के लिए रची खुद की हत्या की झूठी साजिश, महाराष्ट्र में मिली गायब लड़की
रोहतास से गायब लड़की महाराष्ट्र में प्रेमी के साथ मिली है. उसने खुद की हत्या की ऐसी साजिश रची कि पुलिस भी हैरान रह गई.

Published : May 22, 2026 at 8:54 PM IST
सासाराम: बिहार के रोहतास में प्रेम प्रसंग में एक नाबालिग लड़की ने एक ऐसी साजिश रची की घर वाले ही नहीं, पुलिस भी लगभग 15 दिनो तक हलकान रही. इंद्रपुरी इलाके के एक गांव की 16 वर्षीय लड़की ने अपने ही घर में एक मुर्गा काटकर मुर्गी के खून को पूरे घर में बिखेर दिया और 30 अप्रैल की रात अपने प्रेमी संग फरार हो गई.
महाराष्ट्र से नाबालिग बरामद: रात को दो बजे जब परिजनों की नींद खुली तो लड़की के अपने कमरे में न होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया. घरवालों ने किसी अनहोनी की आशंका से पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची इंद्रपुरी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी गुप्ता ने मामले में मिसिंग की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
कथित प्रेमी के साथ भिवंडी में मिली: इसी कड़ी में अनुसंधान के दौरान पुलिस ने प्रेमी युगल को मुंबई के ठाणे इलाके के भिवंडी से बरामद किया है. उसके कथित प्रेमी मयंक कुमार को भी गिरफ्तार कर पुलिस रोहतास लेकर आई है.
क्या बोले एएसपी?: डेहरी के एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि आरोपी मयंक अकोढीगोला का रहने वाला है. लड़की के साथ वह फिलहाल मुंबई के ठाणे में रह रहा था. वहीं लड़की ने अपने परिवार को चकमा देने के उद्देश्य से अपने ही घर में मुर्गा का खून फैला दिया ताकि लोग उसे मरा समझ ले लेकिन जब मामले की गहनता से छानबीन की गई और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर जांच की गई तो सच्चाई कुछ और निकली.
युवक से पूछताछ में जुटी पुलिस: एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक मयंक को ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र से बिहार लाया गया है. पूछताछ में पता कि दोनों के बीच पिछले 5 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. लड़की अपने प्रेमी के साथ परिवार और पुलिस को गुमराह कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी.
"मामले में अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की गई. इनपुट के आधार पर लड़की तथा प्रेमी को महाराष्ट्र से बरामद कर लिया गया है. प्रेमी बालिग है उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, आगे की कार्रवाई जारी है."- अतुलेश झा, एएसपी, डेहरी
ये भी पढ़ें: प्रेमिका को अकेले पाकर आधी रात घर में घुस गया प्रेमी, सुबह लड़की की नदी किनारे मिली अधजली लाश!

