अब 2 जनवरी तक खुला रहेगा रोहतांग दर्रा, नए साल के जश्न से पहले बर्फ के बीच सैलानी जमकर कर रहे मस्ती
नए साल के जश्न को लेकर पर्यटन नगरी मनाली में सैलानियों का सैलाब. खराब मौसम की संभावना को देखते हुए शिंकुला दर्रा हुआ बंद.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 29, 2025 at 1:14 PM IST
शिमला: नए साल के जश्न को लेकर हिमाचल के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर अभी से सैलानियों का सैलाब उमड़ पड़ा है. इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में आगामी दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है. ऐसे में 'व्हाइट न्यू ईयर' मनाने के लिए सैलानी भारी संख्या में पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं. वहीं, जिला कुल्लू के पर्यटन नगरी मनाली से रोहतांग दर्रा की ओर वाहनों की आवाजाही जारी है. इससे पहले 28 दिसंबर तक ही रोहतांग दर्रा खुला रखा गया था. लेकिन, अब प्रशासन ने इस अवधि को 2 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है. ऐसे में सैलानी अब 4/4 वाहन के अलावा सामान्य वाहनों में भी रोहतांग दर्रा का रुख कर सकेंगे.
2 जनवरी तक खुला रहेगा रोहतांग दर्रा
इससे पहले प्रशासन के द्वारा सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को जाने की अनुमति दी गई थी. वहीं, दोपहर 2:00 बजे के बाद सभी वाहनों को रोहतांग दर्रा से वापस मनाली की और भेज दिया जाएगा. पिछले दिनों भी मनाली से काफी संख्या में वाहन रोहतांग दर्रा पहुंचे थे. वहीं, सोमवार (29 दिसंबर) सुबह प्रशासन के द्वारा रोहतांग दर्रे को लेकर कोई भी अधिसूचना जारी नहीं की गई थी, जिसके चलते गाड़ियों का जाम पलचान के समीप लग गया था. प्रशासन के द्वारा दोपहर के समय रोहतांग दर्रे को खोलने की सूचना जारी की गई और उसके बाद सभी सैलानियों ने भी राहत की सांस ली.

रोहतांग दर्रे में बर्फ के बीच सैलानी कर रहे मस्ती
हालांकि, इससे पहले हर साल 15 नवंबर को रोहतांग दर्रा बंद कर दिया जाता था. लेकिन, इस बार बर्फबारी न होने के चलते इसे फिलहाल खुला रखा गया है. रोहतांग दर्रे में सैलानियों को बर्फ के बीच भी मस्ती करने का मौका मिल रहा है. लाहौल स्पीति में खराब मौसम की संभावना को देखते हुए शिंकुला दर्रे की ओर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है.
मौसम सामान्य रहने तक वाहनों की आवाजाही सुचारू
कुछ दिन पहले तक यहां सैलानियों की आवाजाही जारी थी और ब्लैक आइस के चलते सड़क पर वाहन भी फिसल रहे थे. लेकिन, मौसम विभाग से मिली सूचना के बाद अब फिलहाल शिंकुला दर्रे को सैलानियों के लिए बंद कर दिया गया है. डीसी कुल्लू तोरूल एस रवीश ने बताया कि, "रोहतांग दर्रे को 2 जनवरी तक खोला गया है. अगर बीच में मौसम खराब होता है तो इसे बंद कर दिया जाएगा. मौसम सामान्य रहने पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रहेगी."
ये भी पढ़ें: हिमाचल में बर्फबारी से होगा नए साल का स्वागत! इस दिन मेहरबान होगा आसमान
ये भी पढ़ें: IGMC शिमला के रेजिडेंट डॉक्टरों ने वापस ली हड़ताल, ड्यूटी पर लौटे डॉक्टर

