रोहतक प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान मर्डर केस: 4 दिन बाद नहर से मिला शव, दो आरोपी गिरफ्तार
रोहतक में प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. चार दिन बाद नहर से शव मिला. दो आरोपी गिरफ्तार हुए हैं.

Published : February 24, 2026 at 2:43 PM IST
रोहतक: रोहतक में प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. चार दिन की लगातार तलाश के बाद पुलिस ने मंगलवार सुबह जेएलएन नहर से सत्यवान का शव बरामद कर लिया. 20 फरवरी को उसकी कार खरावड़ आउटर बाईपास पर लावारिस हालत में मिली थी. कार के अंदर और बाहर खून बिखरा हुआ था और मौके से 14 गोलियों के खोल बरामद हुए थे. कार के शीशे गोलियों से चकनाचूर थे, जबकि एक टूटी घड़ी और खून से सना मोबाइल फोन भी मिला था.
जीपीएस लगाकर की गई लोकेशन ट्रेस: जांच में सामने आया कि हत्या सुनियोजित थी. एसआईटी की जांच में पता चला कि 19 फरवरी को आरोपी मनीष ने सत्यवान की कार में जीपीएस डिवाइस लगाया था. उसी जीपीएस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक की जा रही थी. पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसमें आरोपी कार में जीपीएस लगाता दिखाई दे रहा है. इसके अगले दिन वारदात को अंजाम दिया गया.
दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद: एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि, " घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने एसआईटी टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की. टीम ने कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. भाली आनंदपुर निवासी मनीष को रोहतक-झज्जर रोड से काबू किया गया, जिसके पास से 5 देसी पिस्तौल और 5 कारतूस बरामद हुए. पूछताछ में उसने साथियों संग मिलकर हत्या करना स्वीकार किया. इसके बाद बापौड़ा निवासी मंजीत उर्फ माफिया को भी गिरफ्तार किया गया. दोनों की निशानदेही पर नहर से शव बरामद हुआ."
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह: पुलिस जांच में सामने आया कि खेड़ी साध गांव निवासी धर्मेंद्र की 1 जनवरी 2018 को हत्या हुई थी, जिसमें सत्यवान को 20 साल की सजा सुनाई गई थी. हालांकि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से उसे जमानत मिल गई थी और वह हाल ही में जेल से बाहर आया था. इसी रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है. सत्यवान की मां ने धर्मेंद्र के परिजनों और रिश्तेदारों के खिलाफ शक जाहिर करते हुए केस दर्ज कराया था.
सोशल मीडिया पोस्ट से मचा था हड़कंप: हत्या के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ‘काला राठी सुंदर राठी’ नाम से पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी. पोस्ट में लिखा गया था कि “सत्यवान की हत्या कर दी है और शव भी नहीं देंगे.” हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि इस पोस्ट का हत्या से कोई संबंध नहीं है और इसे दहशत फैलाने की कोशिश बताया.
एसपी का बयान: एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने कहा, “पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है. मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और अन्य की तलाश जारी है. सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट का इस हत्याकांड से कोई लिंक नहीं है. लोग ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें.”
दोस्त ने जताया दुख: मृतक के दोस्त जगबीर ने कहा, “सत्यवान मिलनसार व्यक्ति था. जिस तरह से उसकी हत्या की गई, वह बेहद दर्दनाक है. हमें न्याय की उम्मीद है और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए.”
ये भी पढ़ें:IDFC बैंक घोटाला: सदन में बोले सीएम सैनी- 'सरकार का पूरा पैसा मिल गया, पंचकूला में मुकदमा दर्ज'

