रोहतक में हॉरर किलिंग मामला: पुलिस ने रिक्रिएट किया क्राइम सीन, रिमांड पर सभी आरोपी
Rohtak Honour Killing Update: रोहतक हॉरर किलिंग मामले में पुलिस ने आरोपियों को लेकर क्राइम सीन रिक्रिएट किया.

Published : December 18, 2025 at 8:40 AM IST
रोहतक: काहनी गांव में हॉरर किलिंग मामले में मृतका सपना के भाई संजू समेत गिरफ्तार 3 आरोपियों को लेकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्राइम सीन रिक्रिएट किया. इस दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के तरीके व घर में घुसने की पूरी वारदात बताई. पुलिस ने हत्या के आरोपी संजू, राहुल व गौरव को प्रोडक्शन वारंट हासिल कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर ले रखा है, जबकि एक नाबालिग आरोपी को फरीदाबाद की बोस्टल जेल भेजा गया है.
रोहतक में हॉरर किलिंग: गौरतलब है कि 19 नवंबर की रात को रोहतक जिला के काहनी गांव निवासी संजू ने अपने साथियों के मिलकर बहन सपना की गोली मारकर हत्या कर दी थी. फायरिंग के दौरान सपना का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया था. वारदात के समय सपना का पति सूरज घर पर मौजूद नहीं था. इस वारदात से संबंधित सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में हमलावर नजर आए थे.
भाई ने की थी बहन की गोली मार कर हत्या: दरअसल सपना ने 3 साल पहले काहनी गांव के ही ऑटो रिक्शा चालक सूरज के साथ लव मैरिज की थी. इस शादी से सपना के परिजन खुश नहीं थे. इस वजह से शादी के बाद वे दोनों रोहतक शहर में रहने लग गए गए. शादी के बाद 2 वर्ष का बेटा है, लेकिन कुछ समय पहले सपना और सूरज दोबारा काहनी गांव में आकर रहने लगे. इसी बात से सपना का परिवार बेइज्जती महसूस कर रहा था. इसी बात को लेकर संजू ने साथियों के साथ मिलकर अपनी बहन की हत्या कर दी थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए.
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया था आरोपियों को गिरफ्तार: बाद में पुलिस टीम ने 20 नवंबर की रात को मुठभेड़ के बाद संजू और उसके 3 साथियों को गिरफ्तार कर लिया था. मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से 4 आरोपी घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए पीजीआईएमएस में दाखिल कराया गया थे. आरोपियों के पास से 2 पिस्टल, 2 देसी पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस, 10 खाली कारतूस, 2 मैगजीन व एक बाइक बरामद हुई थी. मुख्य आरोपी संजू अपने साथियों के साथ जीजा की हत्या की साजिश रच रहा था.
रोहतक पुलिस ने क्राइम सीन रिक्रिएट किया: इस आरोपियों को पीजीआईएमएस से छुट्टी मिली तो सदर पुलिस स्टेशन की टीम ने करीब 150 मीटर तक बाजार में परेड भी कराई थी. क्राइम सीन रिक्रिएट करने के दौरान मुख्य आरोपी संजू ने हाथों के इशारे से पूरा सीन पुलिस को समझाया. संजू ने बताया कि कैसे वह दीवार से कूदा और उसके बाद घर के अंदर दाखिल हुआ. घर में घुसने के बाद सपना को गोली मारी और बाद में साहिल पर भी फायर किया.
पुलिस रिमांड पर आरोपी: डीएसपी गुलाब सिंह ने बताया कि "आरोपियों का प्रोडक्शन वारंट हासिल कर रिमांड पर लिया गया है. क्राइम सीन रीक्रिएट करने के दौरान इन आरोपियों ने अपनी भूमिका की जानकारी दी. संजू ने पिस्तौल से सपना पर 5 राउंड और साहिल पर 2 राउंड फायर किए. राहुल ने भी फायर करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी गोली फंस गई. राहुल ने ही वारदात से पहले रेकी की थी, क्योंकि राहुल ही सूरज का पड़ोसी है. रेकी के दौरान राहुल ऑटो देखकर धोखा खा गया और समझा कि सूरज भी घर पर है, जबकि सूरज की बजाय साहिल घर पर था."
ये भी पढ़ें- रोहतक हॉरर किलिंग मामला: आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, 4 घायल, हथियार बरामद

