रोहतक में गैंगवार मामले में पुलिस का खुलासा, भाऊ गैंग और अंकित बाबा गैंग में 40 राउंड फायरिंग, 15 दिन से रैकी कर रहे थे 5 बदमाश
रोहतक में भाऊ गैंग और अंकित बाबा गैंग के बीच पुरानी रंजिश के चलते गोलीबारी की गई. वारदात में दो बदमाश घायल हो गए.


Published : December 20, 2025 at 6:25 PM IST
|Updated : December 20, 2025 at 8:09 PM IST
रोहतक: हरियाणा के रोहतक में रिटौली गांव में शुक्रवार देर शाम हुई गैंगवार मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने बताया कि "हिमांशु भाऊ गैंग के 5 बदमाश कार में सवार होकर आए थे. फायरिंग से पहले 15 दिन तक रेकी की गई थी. वे अंकित बाबा गैंग के सन्नी रिटौलिया को मारना चाहते थे. लेकिन वह बच गया. दोनों ओर से हुई फायरिंग में 40 राउंड गोलियां चली थी".
वरादात में इस्तेमाल गाड़ी में मिले सबूत: पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को झज्जर के बिरहड माजरा बरामद कर लिया है. कार के अंदर गोलियों के निशान हैं और खून भी लगा है. फायरिंग की इस घटना में मारा गया बदमाश दीपांशु भाऊ गैंग से संबंध रखता था. उसे इलाज के लिए झज्जर के निजी अस्पताल ले जाया गया था. लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.
"पुरानी रंजिश में चली गोलियां": पुलिस ने बताया कि "जांच में सामने आया है कि रिटौली गांव में अंकित बाबा गैंग से संबंधित सन्नी रिटौलिया का शराब ठेका है. वह शराब ठेके पर कर्मचारी अनिल के साथ मौजूद था. ठेके पर माल उतारने के लिए गाड़ी आई हुई थी. सन्नी का दोस्त (रोहतक जिला के सुडाना गांव निवासी) दीपक बाहर फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार था. इस दौरान एक कार आई और कार में सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई. दीपक की गाड़ी के शीशे टूट गए और उसके कंधे और पेट के साइड में गोली लगी. इस दौरान सन्नी रिटौलिया मौके से भाग गया".

वारदात में दो घायल: फायरिंग के दौरान भाऊ गैंग के बदमाश झज्जर जिला के महाराणा गांव निवासी दीपांशु व आसौदा गांव के रोहित को भी गोली लगी. कार में सवार उनके तीन दोस्त दोनों को इलाज के लिए झज्जर के ऑस्कर अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टरों ने दीपांशु को मृत घोषित कर दिया. जबकि रोहित का इलाज चल रहा है. सूचना मिलने पर शिवाजी कॉलोनी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और ठेके पर कार्यरत कर्मचारी अनिल के बयान दर्ज किए. उसी दौरान पता चला कि गैंगवार के चलते फायरिंग हुई है.
घायलों के बयान दर्ज: इसके बाद सनी के घायल दोस्त के बयान भी लिए गए. बाद में पुलिस को पता चला कि फायरिंग की वारदात में शामिल भाऊ गैंग के बदमाश दीपांशु की मौत हो गई है और एक अन्य युवक घायल है. जो झज्जर के अस्पताल में भर्ती है. दीपांशु के खिलाफ एक और रोहित के खिलाफ 11 आपराधिक केस दर्ज हैं. दीपक की शिकायत के आधार पर इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
दोनों गैंग में चल रही रंजिश: गौरतलब है कि हिमांशु भाऊ गैंग और अंकित बाबा गैंग में काफी समय से रंजिश चल रही है. दोनों गैंगस्टर एक ही गांव के हैं. इस रंजिश के चलते दोनों ओर से कई हत्या हो चुकी है. रिटौली में शराब ठेके पर हुई फायरिंग इसी रंजिश का नतीजा है.
"सभी का है पुराना आपराधिक रिकॉर्ड": रोहतक पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने शनिवार को कहा कि "पुलिस टीम ने इस वारदात में घायल रोहित व दीपक के बयान दर्ज किए हैं. जिससे साफ हो गया है कि यह वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा है. भाऊ गैंग के 5 बदमाश कार में सवार होकर आए और पुलिस ने उन सभी पांचों बदमाशों की पहचान कर ली है. सभी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है. इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है".
पुलिस की युवाओं से अपील: पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि फायरिंग करने आए युवक 15 दिन से रेकी कर रहे थे. पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों.
ये भी पढें: हरियाणा: अज्ञात बदमाशों ने पहलवान के पूरे परिवार को गोलियों से भूना, तीन की मौत
ये भी पढें: Rohtak Crime News: दो गुटों में चले लाठी-डंडे, फायरिंग में दो युवक घायल, सीसीटीवी में कैद वारदात

