ETV Bharat / state

शिक्षा विभाग में 1427 जॉब ट्रेनी के लिए एलडीआर टेस्ट 22 फरवरी को, शिक्षा मंत्री ने जारी किए कई आदेश

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लिमिटेड रिक्रूटमेंट डायरेक्ट टेस्ट 2025-26 की समीक्षा बैठक की.

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर (FILE)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 22, 2025 at 9:03 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विभाग में 1427 जॉब ट्रेनी के पदों के लिए एलडीआर यानी लिमिटेड रिक्रूटमेंट डायरेक्ट टेस्ट 2025-26 की समीक्षा करते हुए इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए. ये टेस्ट अगले साल 22 फरवरी को आयोजित होना है. शिमला में विभाग से जुड़े विभिन्न मसलों पर शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को कई निर्देश दिए. उन्होंने हाल ही में प्रमोट हुए हैड मास्टर्स को 31 दिसंबर तक पदभार संभालने के लिए कहा है. साथ ही प्रिंसिपल्स की डीपीसी को लेकर भी उचित निर्देश जारी किए हैं.

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा, 'कांग्रेस सरकार की प्राथमिकताओं में सीबीएसई पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा का विस्तार करना प्रमुख रूप से शामिल है. शिक्षा विभाग सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए एसओपी यानी मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की है. इसे जल्द ही कैबिनेट मीटिंग में प्रस्तुत किया जाएगा'.

शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में अगले शैक्षणिक सत्र से 100 नए सीबीएसई स्कूल खोलने की योजना है. उनमें से 94 स्कूलों के लिए मान्यता पहले ही मिल चुकी है. बाकी के लिए इस माह यानी दिसंबर 2025 के अंत तक मान्यता मिल जाएगी. उन्होंने कहा कि सीबीएसई शिक्षकों के लिए अलग सब-कैडर बनाया जाएगा.

राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल

समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण को लेकर भी जानकारी ली. हिमाचल में हर विधानसभा क्षेत्र में विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए ये स्कूल बनाए जा रहे हैं. इन स्कूलों की स्थापना के लिए राज्य में 42 चिन्हित स्थानों को 94.46 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है. इन स्कूलों में आधुनिक शैक्षणिक संरचना और खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है. शिक्षा मंत्री ने राज्य के सभी नौ खेल छात्रावास यानी स्पोट्र्स हॉस्टल्स में कोच के खाली पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने के निर्देश दिए.

मंत्री ने बताया कि विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 389 सहायक प्रोफेसर पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मामला राज्य चयन आयोग को भेज दिया गया है. उन्होंने अन्य पदों की भर्ती में तेजी लाने के निर्देश भी दिए. शिक्षा मंत्री ने कहा कि जीरो एनरोलमेंट वाले स्कूलों के विलय की प्रक्रिया में तेजी लाकर जरूरत के अनुसार टीचर्स की नियुक्ति की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि बायोलॉजी, केमिस्ट्री, फिजिक्स और मैथ्स आदि विषयों के शिक्षक अंग्रेजी में पढ़ाने में सक्षम हों, इसके लिए शिक्षकों को कैप्सूल कोर्स करवाए जाने चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को छात्र परिवहन नीति तैयार करने को कहा.

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बागवानी को वोकेशनल विषय के रूप में शुरू करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की गई है. उन्होंने अगले शैक्षणिक सत्र से इसे शुरू करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा. यह पहल राज्य सरकार की कौशल-आधारित और रोजगारोन्मुख शिक्षा की प्राथमिकताओं के अनुरूप है. उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग के तहत पीजीटी, डीपीई और कंप्यूटर शिक्षकों के खाली पदों के लिए लिमिटेड डायरेक्ट रिक्रूटमेंट यानी एलडीआर प्रक्रिया में भी तेजी लाने के लिए कहा ताकि इसे समय पर कैबिनेट में पेश किया जा सके. उन्होंने विशेष रूप से सक्षम 187 जेबीटी और अन्य 194 शास्त्री पदों की लंबित भर्ती प्रक्रिया को भी जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए. मंत्री ने नए साल के पहले महीने में होने वाली तीन नेशनल गेम्स की तैयारियों की भी समीक्षा की.

ये भी पढ़ें: पेरेंट्स को बताएं, स्कूलों में मोबाइल-स्मार्ट वॉच हेडफोन का नहीं कोई काम, नए साल से क्लास में टीचर भी नहीं ला सकेंगे मोबाइल