लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर गोलियां चलाने वाला रोहित सोलंकी गिरफ्तार, रोहित गोदारा गैंग का गुर्गा निकला आरोपी
कश्मीरी गेट इलाके में गैंगस्टर के वकील पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Published : March 3, 2026 at 12:20 PM IST
नई दिल्ली: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर हमला करने वाला रोहित गोदारा गैंग का मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. पिछले मंगलवार को दिल्ली के कश्मीरी गेट पर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री और उसके साथियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई थी. इस मामले में नॉर्थ जिले के स्पेशल स्टाफ ने रोहित सोलंकी को गिरफ्तार किया है. गोलीकांड के बाद आरोपी रोहित बैंकॉक भाग गया था, जहां से उसे दुबई जाना था. लेकिन दुबई की एयर टिकट न मिलने के कारण वह वापस भारत आ गया, जहां दिल्ली में नार्थ जिले की पुलिस ने इसे गिरफ्तार कर लिया.
जॉइंट कमिश्नर सेंट्रल रेंज मधुर वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा का सहयोगी है और वारदात की साजिश रचने के साथ-साथ फायरिंग में सीधे तौर पर शामिल था. उन्होंने कहा कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से रेकी की और मौके पर पहुंचकर गोली चलाई. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और कई ठिकानों पर छिपकर रह रहा था. तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर टीम ने उसे दबोचा. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे गैंगवार या किसी अन्य रंजिश का कोण तो नहीं है. वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है. अधिकारी ने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
जांच में पता चला है कि आरोपी कनेक्शन सीधे तौर पर गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से हैं. रोहित गोदारा को लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है. वह विदेश से बैठकर अपना गैंग भारत में चला रहा है. अब पुलिस ये जांच कर रही है कि लॉरेंस के वकील पर फायरिंग क्या आपसी वर्चस्व की लड़ाई का हिस्सा तो नहीं या फिर बिश्नोई गैंग के भीतर कोई आपसी खींचतान तो नहीं चल रही.
ये भी पढ़ें:

