बुजुर्ग दंपती से लूट का खुलासा, आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल, बदले की नीयत से हुई वारदात
दुर्ग पुलिस ने बुजुर्ग दंपती से हुई लूट का खुलासा किया है. पुलिस ने लूट के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : July 7, 2026 at 6:08 PM IST
दुर्ग : दुर्ग जिले में बुजुर्ग दंपती से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. हैरानी की बात ये है कि घर में घुसकर चाकू की नोक पर लूट करने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि दंपती का पूर्व केयरटेकर निकला. आरोपी ने तीन महीने पहले नौकरी से हटाए जाने का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया.
कैसे की थी लूट ?
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स में रहने वाले रिटायर्ड बीएसपी कर्मी और उनकी पत्नी घर पर अकेले थे. इसी दौरान आरोपी विभान्शु महोबिया मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुस गया. उसने धारदार हथियार दिखाकर बुजुर्ग दंपती को डराया और सोने-चांदी के जेवर और नकदी की मांग करने लगा. डर के माहौल में आरोपी महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटकर फरार हो गया.
लूट की वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. घटना की सूचना मिलने के बाद नेवई थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की.एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया- सत्यप्रकाश तिवारी,सीएसपी भिलाई नगर
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं.आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वह पहले किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहा है या नहीं.
इंसाफ की गुहार : बेटा खो चुकी मां का नहीं कोई सहारा, आरोपी पुलिसकर्मी फरार, आर्थिक मदद को तरसा परिवार
अघोषित बिजली कटौती और किसानों से दुर्व्यवहार, विधायक भावना बोहरा ने जेई को लगाई फटकार
गांजा तस्करों को मिली 10-10 साल की सजा, धमतरी कोर्ट ने 1-1 लाख का जुर्माना भी लगाया

