सोची-समझी साजिश थी 12 लाख रुपये की लूट का मामला, पुलिस ने ऐसे सुलझाई मिस्ट्री की गुत्थी
फरीदाबाद में 12 लाख रुपये की लूट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. शुक्रवार को पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया.

Published : April 24, 2026 at 5:36 PM IST
|Updated : April 24, 2026 at 7:57 PM IST
फरीदाबाद: दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर 12 लाख रुपये की लूट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. फरीदाबाद अपराध शाखा सेक्टर-30 ने शुक्रवार को चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया. जिसकी पहचान रवि कुमार के रूप में हुई. रवि कुमार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के बिजेरा गांव का रहने वाला है. फिलहाल वो फरीदाबाद की करनेरा-समयपुर स्थित शिव कॉलोनी में रह रहा था. पुलिस ने उसके कब्जे से एक बुलेट बाइक और 11 लाख 30 हजार रुपये की नकदी बरामद की है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला खुलासा किया है.
फरीदाबाद में 12 लाख रुपये की लूट मामला: एसीपी वरुण दहिया ने बताया "12 अप्रैल को दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर सेक्टर-9 के पास 12 लाख रुपये की लूट की खबर सामने आई थी. फरीदाबाद की चावला कॉलोनी निवासी अंकित ने पुलिस को बताया था कि उसे 12 अप्रैल को 12 लाख रुपये दिल्ली भिजवाने थे. इसके लिए उसने अपने परिचित प्रहलाद को पैसे देकर भेजा था. प्रहलाद एक रैपिडो चालक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर पैसे लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था. कुछ देर बाद प्रहलाद ने फोन कर बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-9 के पास तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उसे रोक लिया और चाकू की नोक पर उससे 12 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए."
सोची-समझी साजिश थी लूट की वारदात: ACP ने बताया कि "लूट की इस सूचना के बाद थाना सेक्टर-8 में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया और जांच अपराध शाखा सेक्टर-30 को सौंपी गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ये वारदात अचानक नहीं हुई थी, बल्कि पूरी योजना बनाकर अंजाम दी गई थी. पुलिस पूछताछ में आरोपी रवि कुमार ने बताया कि इस लूट की साजिश में रैपिडो चालक मनोज की अहम भूमिका थी. मनोज पहले भी कई बार प्रहलाद के साथ पैसे लेकर दिल्ली जा चुका था और उसे ये अच्छी तरह पता था कि प्रहलाद के पास अक्सर बड़ी रकम होती है."
रैपिडो चालक ने रची साजिश: वरुण दहिया ने बताया "इस जानकारी को मनोज ने अपने साथी रवि को इस बारे में बताया. इसके बाद रवि ने अपने अन्य साथियों हरीश और गौतम के साथ मिलकर लूट की पूरी योजना तैयार की. योजना के अनुसार आरोपियों ने पहले से तय कर लिया था कि प्रहलाद कब और किस रास्ते से दिल्ली जाएगा. घटना वाले दिन जब प्रहलाद और मनोज मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे, तो रवि अपने साथियों हरीश और गौतम के साथ दूसरी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंच गया. आरोपियों ने रास्ते में प्रहलाद को रोक लिया और चाकू की नोक पर उससे 12 लाख रुपये लूट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए."
लूट के बाद यूपी फरार हो गए थे आरोपी: एसीपी ने बताया "लूट के बाद रवि ने अपने एक अन्य साथी नितेश को बुलाया और सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव बिजेरा चले गए. वहां जाकर उन्होंने लूट की रकम को आपस में बांटने की योजना बनाई. रवि फरीदाबाद की पार्वतीय कॉलोनी में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान भी चलाता है. पुलिस की जांच और लगातार दबिश के बाद इस मामले में पहले ही नितेश, गौतम और मनोज को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर जेल भेजा जा चुका है. अब चौथे आरोपी रवि कुमार की गिरफ्तारी के साथ इस पूरी साजिश का खुलासा हो गया है."

