ETV Bharat / state

फरीदाबाद के सिगरेट गोदाम में डकैती, 90 लाख रुपए की ब्रांडेड सिगरेट लेकर बदमाश फरार

हरियाणा के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ के सिगरेट गोदाम में डकैती का मामला सामने आया है. इस दौरान मजदूर को बंधक बना लिया गया.

Robbery at cigarette warehouse in Ballabhgarh Faridabad worker held hostage
फरीदाबाद के सिगरेट गोदाम में डकैती (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 29, 2025 at 9:18 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है. भुद्दत कॉलोनी, सीही रोड स्थित सिंगला धर्मशाला के पास गली नंबर-3 में बने श्री श्याम सेल के बीड़ी-सिगरेट सप्लाई करने वाले गोदाम को बदमाशों ने निशाना बनाया. चार बदमाशों ने गोदाम में घुसकर वहां ड्यूटी कर रहे मजदूर को बंधक बना लिया और गोदाम से लाखों रुपये का महंगा सिगरेट लूटकर फरार हो गए.

ब्रांडेड सिगरेट की पेटियां उठाकर ले गए बदमाश : गोदाम मालिक पवन कुमार ने बताया कि शनिवार को ही उन्होंने गोदाम में करीब 80 से 90 लाख रुपये की कीमत का सिगरेट का स्टॉक लाकर रखा था. रविवार को गोदाम के सभी कर्मचारियों की छुट्टी थी, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर एक वर्कर सतीश को रात में चौकीदार के रूप में ड्यूटी पर तैनात किया गया था. रात करीब ढाई बजे से 4 बजे के बीच चार बदमाश गोदाम में दाखिल हुए. उन्होंने सबसे पहले सतीश के साथ मारपीट की और उसे जबरन गोदाम के अंदर ले जाकर दरवाजे खुलवाए. इसके बाद बदमाशों ने गोदाम के अंदर बने दो कमरों के ताले तोड़ दिए और वहां रखी महंगी ब्रांडेड सिगरेट की पेटियां उठाकर ले गए. जाते-जाते बदमाशों ने सतीश के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए, ताकि वह किसी को सूचना न दे सके.

कमरों के ताले टूटे मिले : सुबह करीब 7 बजे जब बाकी कर्मचारी गोदाम पर पहुंचे तो उन्होंने सतीश को घायल अवस्था में बंधा हुआ पाया. इसके बाद उन्होंने तुरंत गोदाम मालिक और पुलिस को सूचना दी. सुबह करीब 9 बजे गोदाम की जांच की गई तो अंदर दो कमरों के ताले टूटे मिले और वहां रखी 40 से 50 पेटी अलग-अलग कंपनियों की सिगरेट गायब पाई गई.

बंधक बनाकर डाली गई डकैती : गोदाम से शहर की कई दुकानों पर थोक में सिगरेट सप्लाई की जाती थी. कई नामी कंपनियों की सिगरेट यहां रखी हुई थी, जिनकी बाजार में काफी अधिक कीमत थी. बल्लभगढ़ सिटी थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और घायल वर्कर सतीश से भी पूछताछ की जा रही है. सतीश ने पुलिस को बताया कि चार लोग रात में गोदाम में घुसे थे और मारपीट कर उसे बंधक बनाकर डकैती की गई.

करीब 90 लाख का माल चोरी : पुलिस के अनुसार गोदाम मालिकों का दावा है कि करीब 80 से 90 लाख रुपये का माल चोरी हुआ है. शक के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और इस बात की भी जांच की जा रही है कि कहीं इस वारदात में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच जारी है और जल्द ही इस बड़ी डकैती का खुलासा किया जाएगा.