50वें दिन भी जारी रहा रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन, 9 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
हिसार में 50वें दिन भी रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी रहा. रोडवेज कर्मचारियों ने 9 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है.

Published : July 3, 2026 at 6:02 PM IST
हिसार: हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो में महाप्रबंधक के खिलाफ कर्मचारियों के लंबित वित्तीय भत्तों एवं अन्य लंबित मांगों को लेकर चल रहा सांझा संघर्ष समिति का धरना शुक्रवार को 50वें दिन भी जारी रहा. धरने की अध्यक्षता अजय दुहन ने की, जबकि रमेश प्रभुवाला ने मंच का संचालन किया.
9 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल: धरने को संबोधित करते हुए रमेश प्रभुवाला ने कहा कि "यदि इस बार भी महाप्रबंधक कर्मचारियों के 15 सूत्रीय मांग पत्र पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेते और अपनी तानाशाहीपूर्ण कार्यशैली में सुधार नहीं करते, तो कर्मचारी 9 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे. कर्मचारियों के धैर्य की लंबे समय से परीक्षा ली जा रही है, लेकिन अब वे आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं."
15 सूत्रीय मांग को लेकर प्रदर्शन: रमेश ने चेतावनी दी कि "यदि समय रहते मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. हाल ही में सीएम फ्लाइंग तथा वन विभाग द्वारा की गई जांच निष्पक्ष रही है. जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. कर्मचारियों का आंदोलन केवल लंबित भत्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि विभाग में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग कर रहा है."
डीसी को सौंपी ज्ञापन: धरने के दौरान सांझा संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया. प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों के समाधान की मांग की. इस पर उपायुक्त ने समिति को आश्वस्त किया कि मामले में शीघ्र ही उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा. संघर्ष समिति ने कहा कि यदि प्रशासन के आश्वासन के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा तथा आगामी रणनीति के तहत 9 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जाएंगी.

