रक्षाबंधन पर आगरा से दिल्ली-जयपुर के लिए हर 10 मिनट में दौड़ेंगी रोडवेज बसें
रक्षाबंधन पर 31 अगस्त तक विशेष रोस्टर लागू

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 8:38 AM IST
|Updated : August 27, 2026 at 8:44 AM IST
आगरा: रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाईयों के घर समय और सुरक्षित पहुंचें इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने विशेष इंतजाम किए हैं. सीएम योगी के बहनों और एक सहयात्री के फ्री यात्रा के ऐलान के बाद आगरा में यूपीएसआरटीसी ने बहनों की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए विशेष तैयारियां की हैं.
क्या है मेगाप्लान: आगरा से हर दस मिनट में दिल्ली, जयपुर, ग्वालियर समेत अन्य शहरों के लिए रोडवेज बस चलेगी. इसके साथ ही बसों की फिटनेस जांचने, चालकों-परिचालकों की नशे की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. 31 अगस्त तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द की गई हैं. शासन के निर्देश पर रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ देखकर आगरा में यूपीएसआरटीसी ने 31 अगस्त तक का विशेष रोस्टर प्लान तैयार किया है. जिसमें दिल्ली, एनसीआर, जयपुर के साथ ही 100 किलोमीटर तक के शहरों के लिए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं.
रोडवेज बसों का संचालन समय पर हो. यात्रियों को लंबा इंतजार ना करना पड़े. उसी हिसाब से रोड की जरूरत के हिसाब से बसों की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं.-ब्रह्मप्रकाश अग्रवाल, यूपीएसआरटीसी के आगरा परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक

किन रूट पर दौड़ेंगी बसें: आगरा के विभिन्न डिपो में 783 रोडवेज बस हैं. जिनमें से 752 रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा. बाकी की बसें रिजर्व में हैं. रक्षाबंधन को लेकर औसतन ये बसें 1500 से अधिक फेरे लगाती हैं. रक्षाबंधन की वजह से 26 से 31 अगस्त तक 100 किमी तक की दूरी वाले फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़ समेत अन्य शहरों के लिए 400 से अधिक फेरे बढ़ाए हैं. इसके साथ ही दिल्ली, एनसीआर और जयपुर रूट की बसों के फेरे बढ़ाए हैं. दिल्ली के लिए अभी 104 फेरे हैं. जिन्हें 150 फेरे किया है. ऐसे ही जयपुर के लिए 25 फेरों को बढ़ाकर 50 किया गया है. आगरा आईएसबीटी से दिल्ली के लिए हर 10 मिनट में रोडवेज बस मिलेगी. यह पहले 15 मिनट का अंतराल था. ईदगाह बस डिपो से जयपुर के लिए हर 10 मिनट में रोडवेज बस मिलेगी. जबकि, पहले 30 मिनट में रोडवेज बस की सुविधा थी.
बस चालकों को मिलेगा मानदेय: इसके साथ ही शासन ने रक्षाबंधन त्योहार को लेकर छह दिन में 1800 किमी बस चलाने पर चालक और परिचालक को 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी. इसके साथ ही रोडवेज की कार्यशाला के कर्मचारियों को छह दिन में 500 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी. इसके अलावा यूपीएसआरटीसी के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने यूपी के सभी क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक डिपो को पत्र भेजा है. जिसमें साफ निर्देश है कि रक्षाबंधन के अवसर पर संचालित सभी बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति का पहले ही परीक्षण कराया जाए. ड्यूटी से पहले चालक और परिचालकों को चेक किया जाए. वो किसी प्रकार के नशे में तो नहीं हैं. चालक और परिचालकों से अपील है कि वे नशे से दूर रहें.
यह भी पढ़ें: सीएम योगी का तोहफा; रक्षाबंधन पर महिलाओं को 3 दिन और 60 प्लस महिलाओं को आजीवन मुफ्त सफर की सुविधा

