ETV Bharat / state

हिसार में नेशनल हाईवे पर भीषण टक्कर, रोडवेज बस-ट्रक भिड़ंत में चालक की मौत, 13 यात्री घायल

हांसी नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस-ट्रक टक्कर में चालक की मौत हो गई. वहीं, 13 यात्री घायल हो गए.

HISAR HANSI ROAD ACCIDENT
हिसार में नेशनल हाईवे पर भीषण टक्कर (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 23, 2026 at 9:44 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

हिसार: जिले के हांसी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. भिवानी से जींद की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस की सामने से आ रहे ट्रक से मुंढाल के पास जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 यात्री घायल हो गए. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई.

घायलों को अस्पताल पहुंचाया: हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस को सूचना दी गई. घायलों को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में राहुल (निवासी बस), विक्रम (बीबीपुर), पाले राम व प्रदीप (भकलाना), रामगोपाल (मध्य प्रदेश), मोहित (चाहत खेड़ी), जिले सिंह, जयप्रकाश, विकास और सतबीर सहित अन्य यात्री शामिल हैं. कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है.

रोडवेज बस-ट्रक भिड़ंत में चालक की मौत (Etv Bharat)

तेज रफ्तार बनी कारण: पुलिस की मानें तो प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ हो सकता है. बताया जा रहा है कि बस अपने निर्धारित रूट पर थी और मुंढाल के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग सीटों से उछलकर घायल हो गए.

पुलिस जांच में जुटी: हादसे की सूचना मिलते ही हांसी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार वाहन चालकों की लापरवाही और तेज गति हादसे की मुख्य वजह हो सकती है. मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा.

ये भी पढ़ें:कुरुक्षेत्र में मर्डर से सनसनी, झगड़े के बाद कस्सी से वार, चेहरे को काट डाला