सवारियों से भरी रोडवेज बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, बड़ा हादसा टला
बस के इंजन से धुआं और लपटें उठने के साथ ही चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे पर रोक लिया.

Published : February 27, 2026 at 6:32 PM IST
जयपुर: राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में यात्रियों से भरी रोडवेज बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. बस में बैठे यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई. रोडवेज बस सिंधी कैंप बस स्टैंड से केकड़ी जा रही थी. इस दौरान मानसरोवर रीको चौराहे के पास बस के वायर में शॉर्ट सर्किट की होने से आग लग गई. धीरे-धीरे आग इंजन तक पहुंच गई. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची. दो दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया. आग बुझाने तक बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई. गनीमत रही की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
'बस में थे 70 यात्री': दमकल कर्मी राकेश कुमार के मुताबिक जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड से राजस्थान रोडवेज की बस रवाना होकर केकड़ी जा रही थी. बस में करीब 70 यात्री सवार थे. घटना शुक्रवार दोपहर बाद करीब 3 बजे के आसपास की है. इस दौरान मानसरोवर रीको चौराहे के पास सवारी से भरी चलती बस में अचानक आग लग गई. बस के इंजन से धुआं के साथ ही आग की लपटें उठने लगी. चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को तुरंत सड़क किनारे पर रोक लिया. बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला गया.
पढ़ें: जयपुर में दर्दनाक हादसा, यूपी से आ रही बस में दौड़ा करंट, दो की मौत, कई झुलसे
यात्रियों ने तुरंत बस से कूदकर अपनी जान बचाई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. दमकल को घटना की सूचना दी गई. मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. मानसरोवर फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. करीब आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग बुझाने तक बस जलकर कबाड़ बन चुकी थी. गनीमत रही कि आग की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

