ETV Bharat / state

Accident in Bharatpur : मजदूरी पर जा रही महिलाओं की ट्रॉली पलटी, 2 की मौत, 11 गंभीर घायल

भरतपुर के रायपुर गांव के पास हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई. घायलों का RBM अस्पताल में इलाज जारी है.

भरतपुर में हादसा
भरतपुर में हादसा (फोटो ईटीवी भारत भरतपुर)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : July 2, 2026 at 10:28 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भरतपुर : जिले के वैर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूरी पर जा रही महिलाओं से भरी ट्रॉली पलट गई. हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 11 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. सभी घायलों को उपचार के लिए भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

स्थानीय निवासी चतर सिंह ने बताया कि वैर क्षेत्र की कई महिलाएं ट्रॉली में बैठकर मजदूरी करने के लिए जा रही थीं. इसी दौरान रायपुर गांव के पास ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई. ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार महिलाओं में चीख-पुकार मच गई. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और तत्काल राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने ट्रॉली के नीचे और आसपास फंसी महिलाओं को बाहर निकाला तथा पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को प्राथमिक सहायता के बाद आरबीएम अस्पताल भेजा गया. हादसे में धोरी (35) पत्नी मान सिंह गुर्जर, निवासी रायपुर (वैर) तथा मिथलेश (45) पत्नी दिनेश जाटव, निवासी बयाना गेट (वैर) की मौत हो गई.

इसे भी पढ़ें: हाईवे पर हादसा: बहरोड़ में रेसर बाइक ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, युवक और बुजुर्ग दोनों की दर्दनाक मौत

आरबीएम अस्पताल के पीएमओ डॉ. नगेन्द्र भदोरिया ने बताया कि हादसे में घायल हुई 11 महिलाओं का अस्पताल में उपचार चल रहा है. चिकित्सकों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने से यह दुर्घटना हुई. पुलिस ट्रैक्टर चालक और हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.