युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने किया चक्काजाम
परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. अधिकारियों के जांच और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 1, 2026 at 10:50 AM IST
गौरेला पेंड्रा मरवाही: पेंड्रा क्षेत्र के ग्राम कुडकई निवासी 35 वर्षीय बोर पंप मैकेनिक सुरेंद्र कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है. वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
पेंड्रा में संदिग्ध मौत
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुरेंद्र कश्यप, शनिवार को काम के सिलसिले में बस्ती बगरा गांव गया हुआ था. वापस लौटने के बाद रात करीब 9 बजे उसकी अंतिम बार परिजनों से बातचीत हुई थी. इसके बाद उसका शव पेंड्रा के सारथी मोहल्ले में संदिग्ध हालत में मिला.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी. मौके पर पहुंची टीम ने सुरेंद्र को अचेत अवस्था में पेंड्रा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया. जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
निष्पक्ष जांच की मांग, परिजनों का चक्काजाम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई. पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव को एम्बुलेंस से गृह ग्राम कुडकई ले जा रहे थे, तब वे दुर्गा चौक पहुंचकर चक्काजाम पर बैठ गए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करने लगे.
जांच में जुटी पुलिस
चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि थाना पेंड्रा में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा गया. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस जांच कर रही है.
जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद हटाया जाम
अधिकारियों द्वारा उचित जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और कुछ समय बाद चक्काजाम समाप्त कर शव लेकर अपने गृह ग्राम रवाना हो गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
गौरेला पेंड्रा मरवाही गोलीकांड, व्यापारियों ने दी ये चेतावनी
दिनदहाड़े ज्वेलर्स संचालक की हत्या, पीसीसी चीफ दीपक बैज पहुचे पेंड्रा,परिजनों से की मुलाकात

