ETV Bharat / state

बड़ा हादसा : सरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, मां-बेटे की मौत और दो घायल

उकाली घाटी में दर्दनाक हादसा. दो की मौत और दो घायल. हाईवे पर ट्रेलरों की टक्कर से यातायात बाधित...

Horrific road accident in Dausa
दौसा में दो अलग-अलग हादसे, मां-बेटे की मौत... (ETV Bharat Dausa)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : June 26, 2026 at 6:54 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

दौसा: जिले में शुक्रवार को सिकंदरा थाना क्षेत्र की उकाली घाटी में सरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. हादसे में मां और उसके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं, जिले में दूसरा हादसा मानपुर थाना इलाके के पीपलकी मोड़ के पास हुआ, जहां दो ट्रेलरों की भिड़ंत के बाद एक ट्रेलर हाईवे पर पलट गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया.

सिकंदरा थाना प्रभारी अशोक चौधरी ने बताया कि सिकंदरा से लोहे के सरिये लेकर चिरावंडा गांव जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली उकाली घाटी में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. ट्रॉली में सवार लोग उसके नीचे दब गए. हादसा इतना भीषण था कि 30 वर्षीय उषा देवी और उनका 9 वर्षीय पुत्र सूरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दोनों रिश्ते में मां-बेटे थे. हादसे में मृतका के पति सोनू महावर गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई है. वहीं, मृतक मासूम का पिता गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे जयपुर रेफर किया है. फिलहाल, घायल की हालत ठीक बताई जा रही है. दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लांका चौकी में खड़ा करवा दिया गया है. -अशोक चौधरी, सिकंदरा थाना प्रभारी.

गंभीर हालत में जयपुर रेफर : हादसे में घायल को पहले दौसा जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया. इसके अलावा रामेश्वर गुर्जर सहित एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ, जिनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है. घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस, लांका चौकी, रानोली चौकी और करौली जिले के गढ़मोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई.

पढ़ें : खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचला, महिला की मौत और दो गंभीर घायल

कार को बचाने के चक्कर में ट्रेलर भिड़े : प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी मात्रा में लोहे के सरिये लदे हुए थे. उकाली घाटी में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने से ट्रॉली पलट गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया. पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.

इधर, जिले में दूसरा सड़क हादसा पीपलकी मोड़ के पास हुआ. यहां एक ट्रेलर चालक ने सामने आई कार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उसका ट्रेलर आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर से जा टकराया. टक्कर इतनी तेज थी कि आगे चल रहा ट्रेलर हाईवे पर पलट गया, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.

हादसे में पीछे चल रहे ट्रेलर का चालक घायल हो गया. सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने क्रेन की सहायता से पलटे हुए ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारु कराया. इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन हाईवे पर कुछ समय तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही.