बिहार में कोहरे का कहर..एक साथ कई वाहनों की टक्कर, दो चालक घायल
बिहार के कैमूर में कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए. कोहरे के कारण एक कार और पिकअप हादसे के शिकार हो गए.

Published : December 14, 2025 at 6:28 PM IST
कैमूर: जिले के दुर्गावती प्रखंड सहित पूरा कैमूर जिला रविवार की सुबह घने कोहरे से लिपटा रहा. राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर सभी गाड़ियां रेंगती हुई नजर आई. मोहनिया थाना क्षेत्र के पटना मोड़ के समीप कुहासे के कारण दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हो गई. आगे जा रहे ट्रक में पीछे से कार ने टक्कर मार दी. हालांकि एयरबैग खुलने से कार सवार बाल-बाल बच गए. कार सवार यूपी से बिहार की तरफ आ रहे थे.
पिकअप डिवाइडर से टकराया: एक दूसरा पिकअप वाहन घने कुहासे के कारण डिवाइडर पर चढ़ गया. हालांकि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ. मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. सूचना पर एनएचआई की टीम पहुंची, जहां गाड़ियों को साइड कर वाहनों का परिचालन शुरू कराया.

कोहरा के कारण परेशानी: घने कोहरे के बीच परिवहन कर रहे एक बस के चालक मुंशी सिंह ने बताया कि इस वर्ष का यह पहले घना कोहरा देखने को मिला है. प्रतिदिन NH 19 पर सवारी बस का परिचालन करते हैं, लेकिन आज घना कोहरा के बीच हमें बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा.
"रास्ते में खुरमाबाद के पास एक ट्रेलर की किसी वाहन में जबरदस्त टक्कर हो गई थी. अक्सर सर्दी के दिनों में हम चालकों को बहुत ही परेशानियां बढ़ जाती है. परिवार की परवरिश करने के लिए हमें प्रतिदिन मेहनत करना पड़ता है." -मुंशी सिंह, बस चालक

एक साथ कई ट्रक टकराए: एक दिन पहले ही शनिवार को एक साथ कई ट्रक टकरा गए. मोहनिया थाना क्षेत्र में दिल्ली कोलकाता हाईवे पर शारदा प्रसाद हाई स्कूल के पास तीन ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में दो ट्रक चालक अपनी केबिन में फंस गए. बुरी तरह घायल हो गए. मोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 20 से 25 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायल चालकों को बाहर निकाला गया.

दो चालक घायल: घायल ट्रक चालकों की पहचान गयाजी निवासी शत्रुघ्न सिंह (40) और कानपुर निवासी अनिल तिवारी (52) के रूप में हुई है. दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बनारस हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
अचानक ब्रेक लगाने से हादसा: पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रहे दो अन्य ट्रक आपस में टकरा गए पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
"आगे चल रही ट्रक का एक टायर फट गया था, जिस कारण ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिया. पीछे से आ रहे दो ट्रक भी अनियंत्रित होकर टकरा गया. घायल चालक को इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया." -आलोक कुमार, थानाध्यक्ष, मोहनिया
ये भी पढ़ें: बिहार में तेज रफ्तार का कहर! ट्रक ने पांच युवकों को रौंदा, दो की मौत

