बिहार में भीषण सड़क हादसा, दो युवतियों की मौत, BJP नेत्री के नाम पर दर्ज फॉर्च्यूनर की जांच
मुजफ्फरपुर में भीषण हादसे में 2 युवतियों की जान चली गई. पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है. पढ़ें खबर


Published : July 4, 2026 at 9:06 PM IST
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है. बोचहां थाना क्षेत्र के आदिगोपालपुर पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर और स्कूटी की टक्कर में दो युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि फॉर्च्यूनर भी सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सड़क हादसे में दो युवतियों की मौत : मृतक युवतियों की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के शर्फुद्दीनपुर (गोपालपुर) निवासी नेहा कुमारी (20 वर्ष) और निशु कुमारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों सहेलियां थीं और एक निजी फाइनेंस कंपनी में महिला समूह के साथ फील्ड वर्कर के रूप में कार्यरत थीं. शनिवार को दोनों स्कूटी से मुजफ्फरपुर शहर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान आदिगोपालपुर पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि नेहा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल निशु कुमारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद फॉर्च्यूनर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी.
जांच में जुटी पुलिस : स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन चालक भी घायल हुआ था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले चालक और वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. पुलिस वाहन के पंजीकरण के आधार पर उसके मालिक और हादसे के समय वाहन चला रहे व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है.
BJP नेत्री के नाम पर दर्ज फॉर्च्यूनर! : प्रारंभिक जानकारी में दावा किया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर (नंबर BR-11BB-0001) पूर्णिया की भाजपा से जुड़ी एक महिला नेत्री के नाम पर पंजीकृत है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि हादसे के समय वाहन में कौन सवार था या वाहन कौन चला रहा था.
''फरार चालक और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. वाहन के स्वामित्व, चालक की पहचान और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.''- मुजफ्फरपुर पुलिस
ये भी पढ़ें :-
बिहार में सरकारी स्कूल की शिक्षिका का सड़क हादसे में मौत
बिहार में स्कूल जा रही छात्राओं पर हाईटेंशन तार गिरा, एक की मौत, तीन घयाल
बिहार में बड़ा हादसा, ट्रैक्टर-पिकअप की टक्कर में 4 लोगों की मौत

