ETV Bharat / state

उत्तराखंड परिवहन निगम का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, सड़क पर पलटा टेंपो ट्रैवलर, 17 यात्री घायल

मसूरी में उत्तराखंड परिवहन निगम का टेंपो ट्रैवलर पलट गया. बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने के कारण हादसा हुआ.

MUSSOORIE TEMPO TRAVELLER ACCIDENT
मसूरी टेंपो ट्रैवलर एक्सीडेंट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : September 3, 2026 at 2:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मसूरी: गलोगीधार के पास गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब उत्तराखंड परिवहन निगम के टेंपो ट्रैवलर के अचानक ब्रेक फेल हो गए. चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए पहाड़ से टकरा दिया. इसके बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया. हादसे में वाहन में सवार 17 यात्री घायल हो गए. एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं.

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. टेंपो ट्रैवलर को सड़क पर पलटा देखकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए. स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस भी मौके पर पहुंची. जिसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.

मसूरी टेंपो ट्रैवलर एक्सीडेंट (ETV Bharat)

टेंपो ट्रैवलर के चालक ने बताया मसूरी से देहरादून की ओर जाते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए. वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन रफ्तार के कारण स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने टेंपो ट्रैवलर को पहाड़ की तरफ मोड़कर टकरा दिया. टक्कर के बाद वाहन पलट गया. चालक के अनुसार, यदि वाहन को पहाड़ की ओर न मोड़ा जाता और वह खाई की तरफ चला जाता तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था.

MUSSOORIE TEMPO TRAVELLER ACCIDENT
टेंपो ट्रैवलर एक्सीडेंट के बाद लगा जाम (ETV Bharat)

एक यात्री ने बताया कि सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक टेंपो ट्रैवलर पलट गया. यात्रियों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला. वाहन के अंदर चीख-पुकार मच गई. कुछ ही देर में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की.

MUSSOORIE TEMPO TRAVELLER ACCIDENT
सड़क पर पलटा टेंपो ट्रैवलर (ETV Bharat)

मसूरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है. दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा. पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

घंटों लगा रहा जाम: गलोगीधार के पास हुये एक्सीडेंट के बाद बस को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन कई घंटे की मशक्कत के बावजूद बस को तत्काल सड़क किनारे नहीं किया जा सका. इसके चलते मसूरी-देहरादून मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई. बस को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई. स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में हाथ बंटाया. काफी मशक्कत के बाद लोगों और क्रेन की मदद से बस को सीधा कर सड़क के किनारे किया गया. इसके बाद करीब दो घंटे से लगे जाम को धीरे-धीरे खोलकर यातायात सुचारू कराया जा सका. इस दौरान पर्यटक और स्थानीय लोग जाम में फंसे रहे.

ये भी पढ़ें: