दर्दनाक सड़क हादसा: मुंगेर में मामी-भांजे को ट्रक ने रौंदा, महिला की मौत
मुंगेर में मस्जिद मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई. वहीं उनका भांजा गंभीर रूप से जख्मी है. पढ़ें

Published : June 2, 2026 at 12:11 PM IST
मुंगेर: जिले के नया रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नौवागढ़ी मस्जिद मोड़ के समीप सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया.दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया.
जेल में बंद भाई से मिलकर लौट रहे थे दोनों: बताया जाता है कि लगभग 25 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार हवेली खड़गपुर निवासी मनोरमा देवी अपने भांजे दीपक कुमार के साथ मुंगेर कोर्ट आई थीं.
नौवागढ़ी मस्जिद मोड़ के पास लगा था जाम: दीपक के अनुसार उसका छोटा भाई जेल में बंद है और उसी मामले में कोर्ट में तारीख होने के कारण दोनों मुंगेर पहुंचे थे. न्यायालय में कार्य पूरा करने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नौवागढ़ी मस्जिद मोड़ के पास भारी वाहनों के कारण लंबा जाम लगा हुआ था.
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार मामी-भांजा जाम से धीरे-धीरे निकलने का प्रयास कर रहे थे. तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
मामी की मौत: घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही नया रामनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा.
भांजे के हालत गंभीर: अस्पताल में चिकित्सकों ने मनोरमा देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक कुमार का इलाज जारी है.उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घटना के बाद सड़क पर जाम: वहीं दुर्घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ. पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराने का प्रयास किया.
"पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान कर चालक की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी."- अभिषेक आनंद,सदर एसडीपीओ
हादसे ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल: स्थानीय लोगों का कहना है कि नौवागढ़ी मस्जिद मोड़ के आसपास अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है. लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.
ये भी पढ़ें
कैदी को लेकर लौट रही थी बिहार पुलिस, यूपी में बस पलटी.. सिवान के दरोगा की मौत

