लखनऊ में रफ्तार का कहर; ट्रिपलिंग कर रहे दोस्तों की स्कूटी डिवाइडर से टकराई, एक की मौत दो अन्य घायल
ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि हादसे में 22 वर्षीय छोटू शुक्ला की मौत हो गयी. सुधाकर और सुरभि घायल हो गये हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 6, 2026 at 6:07 PM IST
लखनऊ: राजधानी के ठाकुरगंज इलाके में बंधा रोड पर एक स्कूटी पर सवार होकर जा रहे तीन दोस्त सड़क हादसे का शिकार हो गए. प्रेरणा स्थल के पास तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. इसमें 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक और किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए.
ट्रिपलिंग और रफ्तार ने ली जान: ट्रिपलिंग और तेज रफ्तार की वजह से हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और वे ट्रॉमा सेंटर में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं.
प्रेरणा स्थल के पास हुआ हादसा: ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि तीन दोस्त स्कूटी पर सवार होकर बंधा रोड के रास्ते पक्के पुल की ओर जा रहे थे. प्रेरणा स्थल के पास अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए. हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अतरौली नवादा निवासी छोटू शुक्ला (22 वर्ष) के रूप में हुई. वह रकाबगंज की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था.
ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज: हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया. छोटू के दोस्त बाराबंकी निवासी सुधाकर (18 वर्ष) और सैरपुर निवासी सुरभि शुक्ला (17 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत बेहद नाजुक है. ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों को सूचित किया गया है.

