ETV Bharat / state

कोटपूतली में मिट्टी भरने गई ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो किशोरों की मौत

रास्ते में मोड़ पर चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और वाहन लहराते हुए सड़क से नीचे उतर गया.

कार्यालय पुलिस अधीक्षक
कार्यालय पुलिस अधीक्षक (ETV Bharat Kotputli)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 27, 2026 at 9:43 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोटपूतली-बहरोड : जिले के पनियाला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौत हो गई. हादसा पानेड़ा और बनार गांव के बीच उस समय हुआ, जब मिट्टी लेने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बाजरे के खेत में पलट गई. हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो किशोर ट्रॉली के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

पनियाला थाना अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार देर शाम को फोन के जरिए सूचना मिली की भेड़ंटी गांव निवासी किशोर सचिन और मोहित मिट्टी लेने जा रहे ट्रैक्टर पर घूमने के इरादे से सवार हो गए थे. दोनों पानेड़ा-बनार मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर साथ जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में मोड़ पर चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और वाहन लहराते हुए सड़क से नीचे उतर गया और बाजरे के खेत में जा घुसा. इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई.

पढ़ें. बड़ा हादसा : उदयपुर में ट्रेलर से भिड़ी तेज रफ्तार बस, सीटें टूटकर सड़क पर गिरीं, 3 की मौत और 10 घायल

हादसा इतना अचानक हुआ कि दोनों किशोर ट्रैक्टर से नीचे गिर गए और पलटी हुई भारी ट्रॉली के नीचे दब गए. मौके पर पुलिस जाप्ता भेजा गया. शवों को पोस्टमार्टम घर में रखवा दिया गया है. आज शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे.

लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. हादसे की खबर जैसे ही भेड़ंटी गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. बताया जा रहा है कि सचिन और मोहित दोनों ही अपने-अपने परिवारों के इकलौते बेटे थे. दो किशोरों की एक साथ हुई मौत से परिवारों के साथ ग्रामीण भी सदमे में हैं. फिलहाल पनियाला थाना पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.